जेडी मजेठिया की नई सीरीज ‘तुलसी है ना’ का हिस्सा बनेंगी शुभांगी अत्रे, तुलसी का निभाएंगी किरदार

मुंबई, 5 नवंबर . निर्माता, क्रिएटर और अभिनेता जेडी मजेठिया अपनी सीरीज ‘चुंबक’ की बड़ी सफलता के बाद अब कहानी कहने के एक नए अंदाज के साथ दर्शकों के सामने आने की तैयारी कर रहे हैं. वह अपनी आने वाली सीरीज ‘तुलसी है ना’ के जरिए एआई की मदद से कहानी पेश करने का नया एक्सपेरिमेंट करने जा रहे हैं.

इस सीरीज में असली चेहरों और आवाजों का इस्तेमाल करते हुए एआई के जरिए दर्शकों को एक अलग अनुभव देने की कोशिश की जाएगी.

‘भाबीजी घर पर हैं’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री शुभांगी अत्रे इस ड्रामा सीरीज में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी. वह सीरीज में तुलसी का किरदार निभाएंगी.

नई सीरीज के बारे में बात करते हुए जेडी मजेठिया ने कहा, ”एक क्रिएटर के तौर पर हम हमेशा समय के साथ आगे बढ़ने में विश्वास रखते हैं. ‘चुंबक’ के बाद हम यह जानना चाहते थे कि नई तकनीक कहानी कहने के तरीके को किस तरह बेहतर बना सकती है.”

उन्होंने कहा, ”’तुलसी है ना’ के जरिए हमने एक ऐसा फॉर्मेट तैयार किया है, जिसमें तकनीक कहानी की दुनिया को बड़ा बनाती है, लेकिन उसकी भावनाओं को कम नहीं करती. इस सीरीज में शुभांगी का मुख्य भूमिका निभाना इसे और भी खास बनाता है.”

वहीं, शुभांगी अत्रे भी जेडी मजेठिया के साथ दोबारा काम करने को लेकर उत्साहित हैं. उन्होंने कहा, ”जमनादास (जेडी) मजेठिया के साथ काम करना हमेशा खास होता है. हम पहले भी साथ काम कर चुके हैं और अब ‘तुलसी है ना’ जैसे अलग तरह के प्रोजेक्ट के लिए फिर से साथ आना इस अनुभव को और रोमांचक बनाता है.”

सीरीज के नए फॉर्मेट पर बात करते हुए शुभांगी ने कहा, ”एक अभिनेता के तौर पर हम हमेशा कुछ नया करने के मौके तलाशते रहते हैं. इस प्रोजेक्ट ने मुझे कहानी कहने के ऐसे अंदाज का हिस्सा बनने का मौका दिया, जो हमारे लिए अब तक काफी अलग रहा है. असली अभिनय, आवाजों और एआई का एक साथ इस्तेमाल कई नई संभावनाएं खोलता है. तुलसी का किरदार निभाना मेरे लिए खास अनुभव रहा है. मुझे खुशी है कि मैं ऐसे प्रोजेक्ट का हिस्सा हूं, जो कहानी को सबसे अहम रखते हुए नई तकनीक को अपना रहा है.”

‘तुलसी है ना’ का प्रीमियर 7 नवंबर को हो सकता है.

–

पीके/वीसी