राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर श्याम रजक का बड़ा बयान, कहा- यह लाभ-हानि का विषय नहीं…

पटना, 3 जुलाई . राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर जारी राजनीतिक चर्चाओं के बीच जेडीयू विधायक श्याम रजक ने कहा है कि यह मामला किसी भी राजनीतिक दल के लाभ या हानि का विषय नहीं है बल्कि पूरी तरह आस्था से जुड़ा मुद्दा है.

श्याम रजक ने से बातचीत के दौरान कहा कि राम मंदिर लंबे संघर्ष और आस्था के आधार पर बना है और इसे लेकर शुरू से ही विभिन्न प्रकार की आपत्तियां और विवाद सामने आते रहे हैं. निर्माण काल से ही राम मंदिर को लेकर कई सवाल उठते रहे हैं और आज भी कुछ घटनाओं को लेकर चर्चाएं जारी हैं.

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा इस मामले में जांच कमेटी का गठन किया गया है, जो एक स्वागत योग्य कदम है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच एक निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी होगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इससे लोगों की आस्था को पहुंची ठेस को दूर करने में मदद मिलेगी और समाज में विश्वास का वातावरण बनेगा.

वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान द्वारा भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर जेडीयू विधायक श्याम रजक ने कहा कि किसी पीड़ित परिवार से मिलना संवेदना और सहानुभूति का विषय होता है. उन्होंने कहा कि एक राजनीतिक व्यक्ति केवल राजनीति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका दायित्व समाज के प्रति संवेदनशील रहना भी होता है.

श्याम रजक ने चिराग पासवान की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह एनडीए के एक प्रमुख नेता हैं और अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं. उन्होंने कहा कि चिराग पासवान बिहार में किसी भी घटना या आपदा के समय संवेदनशीलता के साथ प्रतिक्रिया देते हैं, ठीक वैसे ही जैसे उनके पिता रामविलास पासवान किया करते थे.

उन्होंने कहा कि किसी परिवार के पास जाकर संवेदना व्यक्त करना बिल्कुल उचित और मानवीय कदम है. इसमें किसी प्रकार की आपत्ति नहीं होनी चाहिए. वे संभवतः नवादा भी जाएंगे और जाना ही चाहिए. उन्होंने अभी गृह मंत्री से मिल कर दोनों घटनाओं के बारे में विस्तृत चर्चा भी करने का काम किया है.

पीआईएम/पीएम