बिलासपुर विवाद के बाद नियंत्रण में स्थिति, डीएम बोले- शांति बिगाड़ने वालों को नहीं बख्शा जाएगा

बिलासपुर, 29 अगस्त . छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शुक्रवार रात दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच बहस और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हुई, जिसके बाद दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई. इस घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.

बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा, “जो कोई भी बिलासपुर जिले की शांति और सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. ऐसी गतिविधियों के खिलाफ एक मजबूत और स्पष्ट संदेश दिया जाएगा. रणनीति अपना करके फिर हम लोग कार्रवाई कर रहे हैं. यह सारी एविडेंस बेस्ड कार्रवाई हैं. हमको जैसे-जैसे एविडेंस मिल रहे हैं, उसके अनुसार उस तरह के केसेस दर्ज हो रहे हैं.”

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक निजी मामला था जो दो पक्षों के बीच विवाद में बदल गया था. अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा बल इलाके में गश्त कर रहे हैं. दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

वहीं घटना को लेकर बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह ने से बात करते हुए बताया कि यह एक निजी विवाद था. दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिसके चलते यह विवाद हुआ. दोनों पक्षों ने अपने-अपने गुट के सदस्यों को इकट्ठा किया, जिससे इलाके में तनाव पैदा हो गया. इससे पहले कि स्थिति किसी बड़ी झड़प में बदलती, पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को काबू में कर लिया.

एसएसपी रजनेश सिंह ने आगे बताया कि जब लोग पथराव करने लगे तो पुलिस को उन्हें नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. फिलहाल पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई है और पुलिस की पेट्रोलिंग जारी है. हम लोग भी पैदल एक बार देख रहे हैं क्षेत्र में तो सब कुछ नॉर्मल है.

एसएसपी ने यह भी बताया कि इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं और जिन लोगों की गाड़ियों के कांच टूटे हैं या अन्य नुकसान हुआ है, उनकी शिकायत पर भी एफआईआर की जा रही है. उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पीआईएम/डीएससी