
सिवान, 3 मई . बिहार पुलिस ने सिवान हत्याकांड के मुख्य आरोपी सोनू यादव को मुठभेड़ में मार गिराया है. उस पर 25,000 रुपए का इनाम घोषित था और सिवान में हत्या की वारदात के बाद से फरार था. हालांकि, सोनू यादव के परिवार ने इस एनकाउटंर को गलत ठहराया है.
अधिकारियों ने बताया कि सिवान में सुबह करीब 4 बजे एक मुठभेड़ हुई. भाजपा नेता मनोज सिंह के रिश्तेदारों पर गोलीबारी के मामले में आरोपी सोनू यादव पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई गोलीबारी में मारा गया.
अधिकारियों ने बताया कि सोनू ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की थी. जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया. आरोपी को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया था. बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई घटना के 10 दिनों के भीतर की गई.
इस घटना के संबंध में सोनू यादव के पिता ने एक बयान दिया है. सोनू यादव के पिता ने से बात करते हुए कहा, “हमें नहीं पता कि सोनू के खिलाफ पहले भी कोई मुकदमा दर्ज था. मैं राज्य के बाहर मजदूरी का काम करता हूं. चौकीदार ने बताया कि तुम्हारा बेटा मर गया है. उन्होंने हमसे कागजों पर दस्तखत करवाए और फिर हमें चले जाने को कहा. हम अस्पताल अपने बेटे का शव लेने आए हैं.”
उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को गलत ठहराया. सोनू यादव के पिता ने कहा, “पुलिस ने जो किया वह गलत था. वह मेरा इकलौता बेटा था.”
वहीं, सोनू यादव के एक रिश्तेदार ने बताया कि तकरीबन सुबह 6 बजे पुलिस थाने से फोन आया था. उन्होंने हमें एनकाउंटर की सूचना दी. वह परिवार का इकलौता बेटा था.
बता दें कि इस घटना में एक अन्य आरोपी छोटू यादव को पुलिस ने दो दिन पहले ही एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था.
करीब तीन दिन पहले भाजपा नेता के रिश्तेदारों पर हमला हुआ था. पुलिस के अनुसार, रिश्तेदार चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष कुमार सिंह के साथ तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे. इसी बीच रास्ते में मामूली विवाद में उन्हें गोली मार दी गई.
–
डीसीएच/