मोबाइल पर वीडियो देखती रही मां, छह महीने के मासूम की चली गई जान

नई दिल्ली, 1 अगस्त . मोबाइल पर रील देखने में मशगूल एक महिला ने अपने छह महीने के मासूम को तड़प-तड़प कर मरने पर मजबूर कर दिया. मामला अमेरिका के फ्लोरिडा का है. इस दिल दहला देने वाली घटना के सामने आने के बाद बच्चे की मां को गिरफ्तार कर लिया गया.

आरोप है कि बच्चे की हालत गंभीर होने पर भी अस्पताल ले जाने या इमरजेंसी सेवा उपलब्ध कराने में देरी हुई. वो घंटों मोबाइल पर टिक-टॉक वीडियो देखती रही, अश्लील वेबसाइटें खोलीं और इंटरनेट पर बच्चे के लक्षणों के बारे में जानकारी खोजती रही. मामला 29 जून का है.

द न्यूयॉर्क पोस्ट ने पुलिस के हवाले से बताया कि, 26 वर्षीय महिला तातियाना नॉर्मन ने पूछताछ के दौरान पहले कई अलग-अलग कहानियां सुनाईं. उसने कभी कहा कि बच्चा बिस्तर से गिर गया था, तो कभी हादसे की दूसरी वजह बताई. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले सबूत उसकी बातों से मेल नहीं खाए.

जांच के दौरान महिला ने स्वीकार किया कि वो दो बच्चों को पालते हुए काफी थक चुकी थी और गुस्से में उसने बच्चे को प्लेपेन में जोर से फेंक दिया था, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोट आई. इससे एक दिन पहले टीवी का रिमोट ढूंढते हुए कथित तौर पर उसके हाथ से बच्चा छिटक कर गिर गया था. अधिकारियों का कहना है कि बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन उसे समय पर इलाज नहीं मिल सका. उनका मानना है कि अगर तुरंत चिकित्सा सहायता मिलती, तो स्थिति अलग हो सकती थी.

पूछताछ में महिला ने यह भी दावा किया कि वह अवसाद और मानसिक तनाव से जूझ रही थी. हालांकि पुलिस का कहना है कि इन दावों की जांच की जा रही है और मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है.

फिलहाल महिला पर ‘अत्यधिक बाल उत्पीड़न’ का मामला दर्ज किया गया है. जांच एजेंसियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे और भी गंभीर धाराएं जोड़ी जा सकती हैं. इस अपराध के लिए महिला को 30 साल की सजा भी हो सकती है.

केआर/