स्मृति ईरानी का हरियाणा प्रभारी बनना सौभाग्य की बात, मार्गदर्शन में करुंगी काम: अर्चना गुप्ता

जींद, 23 सितंबर . हरियाणा भाजपा प्रमुख अर्चना गुप्ता ने स्मृति ईरानी को हरियाणा का प्रभारी नियुक्त किए जाने पर उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी का हरियाणा का प्रभारी बनना पार्टी के लिए सौभाग्य की बात है. साथ ही, उन्होंने डॉ. भोला सिंह को हरियाणा का सह-प्रभारी बनाए जाने पर भी शुभकामनाएं दीं और उनके मार्गदर्शन में काम करने की बात कही.

समाचार एजेंसी से बातचीत में अर्चना गुप्ता ने कहा कि स्मृति ईरानी लोकप्रिय नेता हैं और देश की महिलाओं के बीच उनका अलग जुड़ाव है. स्मृति ईरानी ने महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाई हैं. वह गैर-गांधी परिवार से आने वाली ऐसी नेता हैं, जिन्होंने अमेठी से राहुल गांधी को हराकर लोकसभा में प्रतिनिधित्व किया. इसके बाद उन्होंने केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में दो कार्यकाल तक जिम्मेदारी संभाली. स्मृति ईरानी राष्ट्रीय सचिव के रूप में भी काम कर चुकी हैं और अब उन्हें राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली है. इसके साथ उन्हें दो राज्यों का प्रभारी भी बनाया गया है. वह स्मृति ईरानी को हरियाणा की धरती पर स्वागत और अभिनंदन करती हैं और उनके मार्गदर्शन में बेहतर काम करने का प्रयास करेंगी.

हरियाणा भाजपा प्रमुख ने बुलंदशहर से लगातार तीसरी बार सांसद चुने गए डॉ. भोला सिंह को भी हरियाणा का सह-प्रभारी बनाए जाने पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि डॉ. भोला सिंह राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं. वह अपने प्रभारी और सह-प्रभारी के मार्गदर्शन में हरियाणा में पार्टी के लिए अच्छा काम करने का पूरा प्रयास करेंगी.

स्मृति ईरानी के हरियाणा की संस्कृति से परिचित होने को लेकर अर्चना गुप्ता ने कहा कि उन्हें केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे भारत की संस्कृति की जानकारी है. स्मृति ईरानी राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष रह चुकी हैं और अलग-अलग राज्यों में उनका प्रवास रहा है. केंद्रीय कैबिनेट मंत्री रहते हुए भी स्मृति ईरानी कई बार हरियाणा आ चुकी हैं. इसलिए हरियाणा की संस्कृति को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं होगी.

अर्चना गुप्ता ने अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की. ऐसे समय में अलग-अलग देशों के जहाज स्टेट ऑफ हॉर्मुज में खड़े थे, लेकिन भारत में महिलाओं की रसोई का गैस सिलेंडर एक दिन या एक घंटे के लिए भी बंद नहीं हुआ. उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि भारत की बेटियां और बहनें प्रधानमंत्री को लगातार आशीर्वाद देती हैं.

–

पीएसके