2027 में यूपी में फिर से सत्ता में आएगी सपा, जनता ने भाजपा को हटाने का बनाया मन : अबू आजमी

मुंबई, 18 अगस्त . समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आजमी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति, राम मंदिर चढ़ावा मामले और वंदे मातरम विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में प्रशासन की स्थिति खराब है और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी को सत्ता में लाएगी. उन्होंने भाजपा और कांग्रेस से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी राय रखी.

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अबू आजमी ने कहा कि प्रदेश के लोग अब जागरूक हो चुके हैं. उत्तर प्रदेश में प्रशासन की स्थिति बहुत खराब है और जनता बदलाव चाहती है. जनता ने मन बना लिया है कि अब भाजपा को सत्तासे हाटना है. उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी निश्चित रूप से सत्ता में आएगी.

स्मृति ईरानी की भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में वापसी को लेकर पूछे गए सवाल पर भी अबू आजमी ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे कितने भी नए संगठन या बदलाव कर ले, उन्हें नहीं लगता कि पार्टी पहले जैसी मजबूती के साथ वापसी कर पाएगी. जनता परेशान है और उन्होंने इन्हें सत्ता से हटाने का मन बना लिया है.

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर अबू आजमी ने कहा कि भारत एक धार्मिक देश है और सभी धर्मों के लोग अपनी आस्था के प्रति गहरी श्रद्धा रखते हैं. उन्होंने कहा कि लोग भगवान का आशीर्वाद पाने के लिए मंदिर, मस्जिद और अन्य धार्मिक स्थलों के निर्माण में अपनी मेहनत की कमाई से दान देते हैं.

अबू आजमी ने कहा कि यदि मंदिर में दिया गया चढ़ावा चोरी हो जाता है तो इससे श्रद्धालुओं को निश्चित तौर पर दुख होगा, क्योंकि इसमें लोगों की मेहनत की कमाई शामिल होती है. उन्होंने मंदिरों के प्रबंधन और सुरक्षा के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने की मांग की. उनका कहना था कि चोरी किसी ने भी की हो, जिम्मेदारी तय होनी चाहिए.

वहीं, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में वंदे मातरम के पूरे पाठ को लेकर सोनिया गांधी पर लगाए जा रहे आरोपों पर भी अबू आजमी ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को बेवजह तूल दिया जा रहा है. उनके मुताबिक, हर व्यक्ति की अपनी मान्यताएं और आस्था होती हैं. यदि कोई व्यक्ति वंदे मातरम का पाठ नहीं करता है तो इसका यह मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए कि वह देश से प्यार नहीं करता.

अबू आजमी ने कहा कि देश के प्रति सम्मान और देशभक्ति को केवल किसी एक गीत या पाठ से नहीं जोड़ा जा सकता. उन्होंने कहा कि देश के लोग देश के लिए अपनी जान तक देने को तैयार रहते हैं और भारत का बहुत सम्मान करते हैं. इन बयानों के साथ अबू आजमी ने कई राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी पार्टी का नजरिया स्पष्ट किया.

एसएके/पीएम