
नई दिल्ली, 22 मई . स्पेन के पूर्व इंटरनेशनल डिफेंडर सेसर एजपिलिकुएटा ने शुक्रवार को प्रोफेशनल फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की. 36 साल के सेसर ने कहा कि 2025-26 का सीजन एक पेशेवर फुटबॉलर के तौर पर उनका आखिरी सीजन होगा. सेसर क्लब फुटबॉल में सेविल्ला एफसी का हिस्सा हैं.
स्पेन के लिए 44 मैच खेलने वाले सेसर ने सोशल मीडिया पर लिखा, “यह सीजन एक पेशेवर फुटबॉलर के तौर पर मेरा आखिरी सीजन होगा. इतने सालों तक अपने सपने को जीने के बाद, मुझे लगता है कि अब मेरी जिंदगी में एक नया अध्याय शुरू करने का समय आ गया है. भले ही मैं इस पल के लिए खुद को तैयार कर रहा था, लेकिन मुझे यह पत्र लिखना मुश्किल लगा.”
डिफेंडर लिखा, “जब मैंने बचपन में पैम्प्लोना में अपने स्कूली साथियों के साथ पहली बार गेंद को किक मारी थी, तो मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि आगे का सफर इतना शानदार होगा. मैं हर पल के लिए आभारी हूं. जीत, मुश्किल हार, चुनौतियां, और सबसे बढ़कर, वे लोग जिनसे मैं मिला और वे दोस्त जो मैंने इस सफर में बनाए.”
उन्होंने लिखा, “यह सचमुच एक सौभाग्य रहा है. हर पल मेरे लिए बहुत मायने रखता है.”
सेसर एजपिलिकुएटा ने अपने करियर की शुरुआत गृहनगर के क्लब, ओसासुना से की थी, जहां उन्होंने अप्रैल 2007 में डेब्यू किया था. इसके बाद वे ओलंपियाक मार्सिले, चेल्सी एफसी, और एटलेटिको डी मैड्रिड में शामिल हुए और इस सीजन में सेविल्ला के लिए खेल रहे हैं.
800 से ज्यादा मैचों के शानदार करियर के दौरान, एजपिलिकुएटा ने ओसासुना, ओलंपियाक डी मार्सिले, चेल्सी, एटलेटिको मैड्रिड, सेविल्ला एफसी और स्पेन की नेशनल टीम का प्रतिनिधित्व किया. उनके सम्मानों की सूची में फ्रांस में दो लीग कप और एक फ्रेंच सुपर कप, दो प्रीमियर लीग खिताब, एक एफए कप, एक इंग्लिश लीग कप, दो यूईएफए यूरोपा लीग खिताब, एक यूईएफए सुपर कप और एक फीफा क्लब विश्व कप शामिल हैं.
सेसर 2025 की गर्मियों में सेविल्ला में शामिल हुए और इस सीजन में 16 मैच खेले. उनके करियर का सबसे अहम पल 2021 में आया, जब उन्होंने कप्तान के तौर पर चेल्सी को पोर्टो में मैनचेस्टर सिटी पर जीत दिलाई और यूईएफए चैंपियंस लीग की ट्रॉफी अपने नाम की.
–
पीएके