
नई दिल्ली, 20 सितंबर . नई दिल्ली के ज्योति नगर थाना पुलिस ने वाहन दुर्घटना की जांच के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम (22) के रूप में हुई है. वह जोहरीपुर की गली नंबर-1 का रहने वाला है.
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:20 बजे ज्योति नगर थाने को वाहन दुर्घटना की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मेन वजीराबाद रोड स्थित मीत नगर में टाटा शोरूम के सामने पहुंची. मौके पर स्कूटी और अपाचे मोटरसाइकिल के बीच दुर्घटना हुई थी. हादसे में स्कूटी सवार घायल हो गया, जिसे एंबुलेंस की मदद से जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल सवार से वाहन के स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज मांगे. पुलिस के मुताबिक, वह मोटरसाइकिल के मालिकाना हक से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल की जांच की तो उसके चोरी होने की जानकारी सामने आई.
जांच में पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल के चोरी होने के संबंध में भजनपुरा थाने में ई-एफआईआर नंबर 020543/26, 31 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज था.
पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार की पहचान शुभम, पुत्र अनिल कुमार, निवासी गली नंबर-1, जोहरीपुर, दिल्ली के रूप में की. पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उसकी कार्गो पैंट की दाहिनी जेब से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ.
इसके बाद ज्योति नगर थाने में एफआईआर 19 सितंबर 2026 दर्ज की गई. जिसके बाद जांच शुरू की गई. पुलिस के मुताबिक, जांच में यह भी सामने आया कि शुभम पहले से झपटमारी, चोरी, वाहन चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े नौ मामलों में कथित रूप से शामिल रहा है. पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिल और चाकू के संबंध में आगे की जांच कर रही है तथा आरोपी के अन्य संभावित आपराधिक मामलों से संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
–
एसएके/एएस