
इस्लामाबाद, 15 जून . पाकिस्तान में पंजाब-खैबर पख्तूनख्वा सीमा के पास वाहवा इलाके में सोमवार को एक पुलिस चेक पोस्ट पर आत्मघाती हमला किया गया. इस हमले में दो पुलिसवालों की मौत हो गई और छह घायल हो गए.
पाकिस्तानी अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने बताया कि अधिकारियों के अनुसार, रविवार को अनजान हमलावरों ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी को चेकपोस्ट के मेन गेट से टकरा दिया, जिसके बाद भीषण धमाका हुआ.
जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) मुहम्मद सादिक बलूच ने बताया कि हमले में दो पुलिसवालों की मौत हो गई, जबकि छह पुलिसवाले गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को हॉस्पिटल ले जाया गया.
अधिकारियों ने बताया कि ब्लास्ट में चेक पोस्ट का ढ़ांचा पूरी तरह से तबाह हो गया. हमले के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों की भारी टुकड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं. इलाके को घेर लिया गया और मौके से सबूत इकट्ठा करने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. धमाके की वजह से आसपास के कई घरों की छतें और दीवारें भी गिर गईं. इसके अलावा हमले में एक दर्जन से ज्यादा स्थानीय लोग घायल हो गए.
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार, मीडिया से बातचीत के दौरान डीपीओ सादिक बलूच ने कहा कि धमाके में सुसाइड बॉम्बर भी मारा गया और हमले की आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
इससे पहले, स्थानीय मीडिया ने अधिकारियों के बयान के हवाले से बताया कि पिछले हफ्ते पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में अलग-अलग घटनाओं में हथियारबंद हमलावरों ने दो पुलिसवालों पर गोलियां चलाईं. इस गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी मारे गए.
एक पुलिस कांस्टेबल 12 जून को एक सभा से वापस घर लौट रहा था, तभी बन्नू-मीरांशाह रोड पर उस पर हमला हुआ. शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, जब वह घर लौट रहा था, तो अनजान हथियारबंद हमलावरों ने उस पर गोलियां चलाईं. पाकिस्तान के अखबार डॉन ने बताया कि पुलिस कांस्टेबल हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
एक अलग घटना में पुलिस कांस्टेबल को उसके घर के बाहर अनजान हमलावरों ने गोली मार दी. वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटों के कारण उसकी मौत हो गई.
–
केके/वीसी