
कांगड़ा, 27 जून . हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शनिवार को बड़ा भंगाल क्षेत्र का दौरा करेंगे. 14 साल में पहली बार हिमाचल प्रदेश का कोई मुख्यमंत्री इस क्षेत्र का दौरा करेगा. बड़ा भंगाल हिमाचल प्रदेश के दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में से एक है, जहां अभी भी सुविधाओं का अभाव है.
जानकारी के अनुसार, सीएम सुक्खू शनिवार सुबह बड़ा भंगाल हेलिपैड पहुंचेंगे. यहां से वह पैदल बड़ा भंगाल क्षेत्र के गांवों का दौरा करेंगे और वहां के हालातों का जायजा लेंगे. दोपहर बाद मुख्यमंत्री अपर बड़ा भंगाल गांव का भी दौरा करेंगे.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बीते दिन कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वे सर्किट हाउस धर्मशाला के लिए रवाना हुए. एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने प्रस्तावित बड़ा भंगाल दौरे को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम काफी समय से प्रस्तावित था और अब इसे अंतिम रूप मिल गया है.
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत वह बड़ा भंगाल गांव में एक रात प्रवास करेंगे. इस दौरान वह स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को जानेंगे. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे लोगों तक विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है.
सुक्खू ने कहा कि बड़ा भंगाल को सड़क मार्ग से देश-दुनिया से जोड़ने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए नई योजनाओं पर भी विचार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि हाल ही में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का भी मौके पर जाकर जायजा लिया जाएगा, क्योंकि प्रभावित लोगों की मदद करना सरकार और जनप्रतिनिधियों दोनों की जिम्मेदारी है.
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों तक विकास पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. बड़ा भंगाल का यह दौरा उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.
–
डीसीएच/