
दांबुला, 15 जून . ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में सोमवार को भारत ए का सामना श्रीलंका ए से हो रहा है. रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की पूरी टीम 49.2 ओवर में 265 रन बनाकर ऑलआउट हुई. टीम की तरफ से सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने अर्धशतकीय पारी खेली.
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. वैभव सूर्यवंशी 14 गेंदों का सामना करने के बाद 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे. प्रभसिमरन सिंह भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे. 2 विकेट 39 रनों के स्कोर पर गिरने के बाद कप्तान तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 54 गेंदों में 52 रन जोड़े.
तिलक 32 गेंदों का सामना करने के बाद 23 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, ऋतुराज भी अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 37 रन बनाकर आउट हुए. आयुष बडोनी का बल्ला खामोश रहा और वह 35 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 15 रन ही बना सके. निशांत सिंधु 6 रन बनाकर पवेलियन लौटे. अनुकूल रॉय ने 27 गेंदें खेलने के बाद 8 रन बनाए. 143 के स्कोर पर 7 विकेट खोकर मुश्किल में दिख रही भारतीय पारी को सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने संभाला. दोनों ने मिलकर आठवें विकेट के लिए 90 गेंदों में 104 रनों की साझेदारी निभाई.
विपराज 49 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, सूर्यांश भारत की ओर से आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे और उन्होंने 66 गेंदों की अपनी पारी में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 72 रन बनाए. वहीं, यश ठाकुर 2 रन बनाकर नाबाद रहे. गेंदबाजी में श्रीलंका की ओर से मोहम्मद सिराज ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 7.2 ओवर में 33 रन देकर 3 अहम विकेट चटकाए. विजयकांत व्यासकांत ने 10 ओवर के स्पेल में महज 26 रन खर्च करते हुए 3 विकेट निकाले, जबकि कप्तान साहन अराच्चिगे ने एक विकेट चटकाया.
–
एसएम/एएस