सिडनी: स्कूल के बाहर किशोर ने छात्र पर चाकू से किया हमला, पीड़ित की हालत गंभीर

सिडनी, 9 नवंबर . ऑस्ट्रेलिया से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है. दक्षिण-पश्चिम सिडनी के एक हाई स्कूल के बाहर सुबह चाकूबाजी की घटना ने सबको हैरान कर दिया. इस मामले में एक किशोर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य को अस्पताल ले जाया गया है.

सोमवार सुबह (स्थानीय समयानुसार), कैसुला हाई स्कूल के बाहर 15 वर्षीय लड़के के पेट में कथित तौर पर कई बार चाकू मारा गया.

मीडिया आउटलेट द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड के अनुसार, सिडनी के दक्षिण-पश्चिम में कैसुला के मायल रोड पर मारपीट की सूचना मिलने के बाद, सुबह करीब 8:30 बजे आपातकालीन सेवाओं को बुलाया गया.

किशोर को एनएसडब्ल्यू एम्बुलेंस के पैरामेडिक्स ने प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उसे लिवरपूल अस्पताल ले जाया गया. उसकी हालत गंभीर है, लेकिन स्थिर बनी हुई है.

हमले के कुछ घंटों बाद, पुलिस ने हेकेनबर्ग के एक घर से 16 साल के लड़के को गिरफ्तार किया. उसे लिवरपूल पुलिस स्टेशन ले जाया गया और गंभीर शारीरिक चोट पहुंचाने के इरादे से किसी व्यक्ति को घायल करने का आरोप लगाया गया.

पुलिस को घटनास्थल के पास एक चाकू मिला है, लेकिन अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि कथित हमले में इसी चाकू का इस्तेमाल किया गया था या नहीं.

7न्यूज के मुताबिक आरोपी को जमानत नहीं दी गई; उसे 10 नवंबर को बच्चों की अदालत (चिल्ड्रन्स कोर्ट) में पेश किया जाएगा.

एनएसडब्ल्यू पुलिस के सुपरिंटेंडेंट रॉबर्ट टॉयंटन ने कहा, “एक हाई स्कूल के बाहर ऐसी घटना चौंकाने वाली है. यह बहुत दुखद है कि हमें इस तरह की घटना से निपटना पड़ा.”

टॉयंटन ने बताया कि जब वहां से गुजर रहे कुछ कारीगरों और शिक्षकों ने बीच-बचाव किया, तो हमला करने वाला लड़का वहां से भाग गया.

शिक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि इस घटना से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है.

–

केआर/