
हैदराबाद, 10 नवंबर . भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि राजनीति में किसी भी नेता की आलोचना की जा सकती है. लेकिन इसमें एक शालीनता और मर्यादा होनी चाहिए.
एन. रामचंद्र राव ने समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए कहा, “राजनीति में किसी भी नेता की आलोचना की जा सकती है. लेकिन इसमें एक शालीनता और मर्यादा होनी चाहिए. लोकतंत्र में असंसदीय भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए. दुर्भाग्य से, रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल करते हुए तीखी टिप्पणी की है. हम ऐसे असंसदीय शब्दों की निंदा करते हैं.”
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को सलाह देते हुए उन्होंने कहा, “वे हमारे प्रधानमंत्री हैं और प्रधानमंत्री के पद का सम्मान किया जाना चाहिए. नीतियों, विचारधारा या अन्य किसी भी आधार पर आलोचना की जा सकती है, लेकिन असंसदीय भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए. असंसदीय भाषा का इस्तेमाल अक्सर तब किया जाता है जब कोई व्यक्ति हताश या निराश होता है. रेवंत रेड्डी के चेहरे पर मुझे यही हताशा दिख रही है.”
उन्होंने कहा, “मोदी जी की पिछली यात्रा और इस बार अमित शाह जी की यात्रा के दौरान भाजपा को जो जनसमर्थन मिला, उससे वे (रेवंत रेड्डी) हताश हैं. इसी वजह से वे अपना आपा खो रहे हैं और असंसदीय भाषा का प्रयोग कर रहे हैं.”
इससे पहले, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव ‘प्रजा बलम’ सुनामी में बह जाएंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि संक्रांति के त्योहार के बाद शुरू होने वाला ‘प्रजा बलम’ कार्यक्रम एक सुनामी लाएगा.
उधर, भाजपा प्रवक्ता समता ने सोनिया गांधी और कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा. समता ने कहा, “सोनिया गांधी और कांग्रेस पार्टी को अयोध्या के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए. उनका तर्क है कि धार्मिक मामलों को केवल राजनीतिक बहस का मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए.” उन्होंने कहा कि राम मंदिर केवल एक सामान्य मंदिर नहीं है, बल्कि यह देश के बहुसंख्यक समुदाय की आस्था, भावना और आकांक्षाओं का प्रतीक है.
संवैधानिक अधिकार और धार्मिक स्वतंत्रता की बात करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने भारतीय संविधान का हवाला दिया. उन्होंने कहा, “हर नागरिक को बोलने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है, साथ ही उन्हें अपनी आस्था का पालन करने और सम्मान के साथ उसे मानने का अधिकार है.”
कांग्रेस के इतिहास और आपातकाल की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, “सोनिया गांधी को कांग्रेस पार्टी के इतिहास पर नजर डालनी चाहिए. वे विशेष रूप से ‘आपातकाल’ (इमरजेंसी) का जिक्र करती हैं, जो कांग्रेस के शासनकाल में हुआ था और जिसे भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय माना जाता है.”
–
डीसीएच/