
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर . नमो भारत स्टेशनों को यात्रियों की सुविधा के साथ व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र बनाने की दिशा में एनसीआरटीसी ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है. एनसीआरटीसी ने न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन पर 2000 वर्ग मीटर से अधिक कमर्शियल रिटेल स्पेस को लीज पर देने के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं. इसके लिए इच्छुक लाइसेंसधारियों का चयन ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य स्टेशन पर यात्रियों को खरीदारी, खान-पान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही एनसीआरटीसी के गैर-किराया राजस्व में वृद्धि करना है.
न्यू अशोक नगर स्टेशन की रणनीतिक लोकेशन इसे व्यावसायिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण बनाती है. यह स्टेशन दिल्ली मेट्रो के न्यू अशोक नगर स्टेशन से जुड़ा हुआ है. इसके अलावा, मयूर विहार और नोएडा जैसे प्रमुख आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों के नजदीक होने से यहां बड़ी संख्या में यात्रियों और अन्य ग्राहकों तक पहुंचने की संभावना है. ऐसे में यह स्थान उन कारोबारियों और कंपनियों के लिए आकर्षक साबित हो सकता है, जो दिल्ली-एनसीआर के बड़े बाजार में अपनी उपस्थिति बढ़ाना चाहते हैं. एनसीआरटीसी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, स्टेशन के कॉनकोर्स लेवल पर 2000 वर्ग मीटर से अधिक प्राइम रिटेल स्पेस लीज पर उपलब्ध कराई जा रही है.
यह स्थान यात्रियों की आवाजाही वाले क्षेत्र में स्थित है, जिससे यहां कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों को संभावित ग्राहकों तक सीधी पहुंच मिल सकेगी. इस बड़े कमर्शियल स्पेस का उपयोग विभिन्न प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा सकता है. इसमें रिटेल स्टोर, फूड एंड बेवरेज आउटलेट, रेस्टोरेंट, लाइफस्टाइल ब्रांड और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हो सकते हैं. स्टेशन परिसर में ही इन सुविधाओं के विकसित होने से यात्रियों को अपनी यात्रा के दौरान खरीदारी और खान-पान के विकल्प मिलेंगे. वहीं, कारोबारियों को नियमित यात्री आवागमन वाले स्थान पर अपना व्यवसाय स्थापित करने का अवसर मिलेगा.
न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है. यहां लगभग 73 कारों और 284 दोपहिया वाहनों की पार्किंग क्षमता उपलब्ध है. इसके साथ ही स्टेशन पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ईवी चार्जिंग की सुविधा भी मौजूद है. स्टेशन का डिजाइन यूनिवर्सल एक्सेसिबिलिटी के सिद्धांत पर आधारित है, जिससे दिव्यांग यात्रियों सहित विभिन्न जरूरतों वाले लोगों को परिसर तक पहुंचने में सुविधा मिल सके. दिल्ली मेट्रो के साथ इंटरचेंज की सुविधा और ई-रिक्शा एवं ऑटो के माध्यम से लास्ट-माइल कनेक्टिविटी भी इसे दिल्ली और नोएडा के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनाती है.
एनसीआरटीसी का मानना है कि स्टेशन परिसर में कमर्शियल सुविधाएं विकसित होने से यात्रियों को एक ही स्थान पर परिवहन, खरीदारी और खान-पान जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी. इससे स्टेशन की उपयोगिता बढ़ने के साथ आसपास के व्यावसायिक क्षेत्र को भी लाभ मिलने की संभावना है. एनसीआरटीसी के अनुसार, परिचालन शुरू होने के बाद से नमो भारत कॉरिडोर पर अब तक 4.8 करोड़ से अधिक यात्री यात्राएं दर्ज की जा चुकी हैं. हाल ही में कॉरिडोर ने एक दिन में 1.68 लाख से अधिक यात्रियों के साथ अपनी अब तक की सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप भी दर्ज की. यात्रियों की बढ़ती संख्या को नमो भारत सेवाओं के प्रति लोगों के भरोसे और लोकप्रियता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
यात्रियों की इस बढ़ती आवाजाही से स्टेशनों पर व्यावसायिक गतिविधियों की संभावनाएं भी मजबूत हो रही हैं. एनसीआरटीसी की योजना है कि स्टेशन परिसरों में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करके ऐसे व्यावसायिक अवसर विकसित किए जाएं, जिनसे यात्रियों को अतिरिक्त सुविधाएं मिलें और परिवहन व्यवस्था के लिए राजस्व के वैकल्पिक स्रोत भी तैयार हों. न्यू अशोक नगर स्टेशन के अलावा एनसीआरटीसी दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के कई अन्य स्टेशनों पर भी प्रॉपर्टी डेवलपमेंट की दिशा में काम कर रहा है. इनमें आनंद विहार, गाजियाबाद, सराय काले खां, बेगमपुल तथा परतापुर से मोदीपुरम के बीच स्थित स्टेशन शामिल हैं.
इन स्थानों पर भी कमर्शियल स्पेस को लीज पर देने के लिए लाइसेंस या प्रस्ताव जारी किए गए हैं. इस पहल के जरिए एनसीआरटीसी एक ऐसा ट्रांजिट-ओरिएंटेड इकोसिस्टम विकसित करना चाहता है, जिसमें परिवहन सुविधाओं के साथ व्यावसायिक गतिविधियां भी बढ़ें. इससे स्टेशनों का बेहतर उपयोग, यात्रियों को उन्नत सुविधाएं और गैर-किराया राजस्व में वृद्धि जैसे लक्ष्य हासिल करने में मदद मिल सकती है.
न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन पर कमर्शियल स्पेस के लिए इच्छुक बोलीदाता ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से भाग ले सकते हैं. निविदा से संबंधित पात्रता मानदंड, नियम एवं शर्तों और आवेदन की समय-सीमा की विस्तृत जानकारी एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट और सेंट्रल पब्लिक प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर उपलब्ध है. इच्छुक आवेदकों को निविदा दस्तावेजों में दी गई शर्तों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करना होगा.
–
पीकेटी/पीएम