
जामताड़ा, 23 अगस्त . झारखंड के जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में धार्मिक टिप्पणी से जुड़े वीडियो के वायरल होने के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई. विवाद शनिवार रात उस समय और बढ़ गया, जब बड़ी संख्या में लोग थानारडीह निवासी भूदेव महतो के घर पहुंच गए और कथित तौर पर तोड़फोड़ की. मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की हुई और पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना है. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा. घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
मामले की शुरुआत 21 अगस्त को कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के कुरुवा साप्ताहिक हटिया में धार्मिक टिप्पणी से जुड़े एक कथित वीडियो के वायरल होने से हुई. हिंदू संगठनों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने अफरोज आलम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इसके बाद पुलिस को जानकारी मिली कि थानारडीह निवासी भूदेव महतो ने भी वायरल वीडियो को लेकर कथित तौर पर टिप्पणी की है. इसी के बाद शनिवार रात बड़ी संख्या में लोग उसके घर के पास जुट गए.
घटना की सूचना मिलते ही कर्माटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को देखते हुए भूदेव महतो को सुरक्षित बाहर निकाला. इस दौरान भीड़ की ओर से पुलिस के साथ धक्का-मुक्की किए जाने और पुलिस वाहन में तोड़फोड़ की सूचना है. हालात बिगड़ते देख देवघर और दुमका से अतिरिक्त आईआरबी बल मंगाया गया. पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया. तनाव को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
रविवार को कर्माटांड़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में दोनों समुदायों के लोगों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. सभी लोगों ने शनिवार रात हुई घटना की निंदा की. एसडीपीओ वसीम रजा ने कहा कि धार्मिक टिप्पणी से जुड़े दोनों पक्षों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर भूदेव महतो को सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार और वाहन में तोड़फोड़ के मामले में भी कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. उधर, भूदेव महतो की पत्नी ममता देवी और मां पौधा देवी ने आरोप लगाया कि भीड़ में शामिल आठ से दस लोग जबरन घर में घुसे और बंदूक के बल पर मारपीट की. परिवार ने करीब 50 हजार रुपये नकद और जेवरात ले जाने का भी आरोप लगाया है. परिवार के अनुसार, हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी.
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि घटना से पहले बिजली काट दी गई थी और अंधेरे का फायदा उठाकर घर पर हमला किया गया. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है.
–
एसएनसी/पीएम