
नई दिल्ली, 16 जून . दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी में सक्रिय पाकिस्तान-समर्थित आतंकी और आपराधिक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है और इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी पाकिस्तान स्थित सरगना शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी अजमल गुर्जर के इशारे पर काम कर रहे थे. यह गिरोह पंजाब के रास्ते पाकिस्तान से अवैध हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थों की तस्करी करता था और उन्हें दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था.
पुलिस ने पांच पिस्तौल, 41 जिंदा कारतूस, सात मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो एसयूवी बरामद की है. गिरोह युवाओं को अपने नेटवर्क में शामिल करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करता था.
आरोप है कि नए लोगों को जल्दी पैसा कमाने के लालच और आपराधिक दुनिया की चकाचौंध में फंसाकर हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी में धकेल दिया जाता था. मई 2026 में स्पेशल सेल को खुफिया जानकारी मिली कि शहजाद भट्टी और अजमल गुर्जर दिल्ली-एनसीआर में बड़े आपराधिक और आतंकी गतिविधियों की योजना बना रहे हैं.
इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जाल बिछाकर मोहित उर्फ योगी को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से कथित तौर पर अवैध हथियार और पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से उसके संबंधों के सबूत बरामद हुए.
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि नेटवर्क के सदस्य दिल्ली, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में कई महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी कर रहे थे. जांच में आगे पता चला कि आरोपी ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से पंजाब में गिराए गए हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप इकट्ठा कर दिल्ली-एनसीआर ले जा रहे थे.
इस गिरोह के कई सदस्यों का आपराधिक रिकॉर्ड है, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, शस्त्र अधिनियम और एनडीपीएस अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं.
दिल्ली पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों, हथियार आपूर्तिकर्ताओं और इस ऑपरेशन को वित्तपोषित करने में शामिल लोगों की तलाश कर रही है.
–
एमएस/