
नई दिल्ली, 13 सितंबर . अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक ने लगभग दो साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी से पहले अपनी मुश्किल रिकवरी के बारे में खुलकर बात की है. 26 वर्षीय नवीन भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में अपनी वापसी का पूरा फायदा उठाने के लिए उत्सुक हैं.
भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला रविवार (13 सितंबर) को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. नवीन को लगातार चोटों के कारण मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा, जिसमें उनके दाहिने कंधे का स्ट्रेस फ्रैक्चर भी शामिल था, जिसके कारण वह आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के लिए अफगानिस्तान की टीम से बाहर हो गए थे.
अपने लंबे रिहैबिलिटेशन को याद करते हुए नवीन ने माना कि क्रिकेट से दूर रहने का समय मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण था. नवीन ने क्रिकइन्फो को बताया, “यह अकेलापन भरा होता है. किसी भी व्यक्ति के लिए यह बहुत मुश्किल समय होता है. स्ट्रेस फ्रैक्चर तो आठ से दस हफ्तों में अपने आप ठीक हो गया था. मगर मुझे लैबरम रिपेयर के लिए दूसरी सर्जरी करवानी पड़ी. यूके में रिहैब के शुरुआती छह हफ्तों तक मुझे बैठकर सोना पड़ता था.”
नवीन ने 2016 में सिर्फ 17 साल की उम्र में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मैच में अफगानिस्तान के लिए डेब्यू किया था. तब से वह टीम के सबसे भरोसेमंद टी20 गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं, खासकर डेथ ओवरों में उनकी गेंदबाजी काफी असरदार रही है. उन्होंने टी20 विश्व कप 2024 में भी अफगानिस्तान के शानदार प्रदर्शन में बड़ी भूमिका निभाई थी. टीम पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंची थी और नवीन ने पूरे टूर्नामेंट में 12.30 की औसत और 6 की इकोनॉमी से 13 विकेट चटकाए थे.
इस तेज गेंदबाज ने यह भी बताया कि टी20 विश्व कप 2026 के दौरान अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका से ‘डबल सुपर ओवर’ में मिली हार को देखना कितना मुश्किल था, खासकर तब जब वह टीम की मदद नहीं कर पा रहे थे. उन्होंने कहा, “मुझे लगता था कि अगर मैं टीम के साथ होता, तो शायद डेथ ओवरों में कुछ अलग कर पाता.”
नवीन ने 2023 में वनडे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी, और उनके इस फैसले में चोटों की बड़ी भूमिका थी. हालांकि, अब उनका पूरा ध्यान मैदान पर वापसी करने और अफगानिस्तान की टी20 टीम में योगदान देने पर है. उन्होंने मौजूदा अफगानिस्तान टीम के बीच मजबूत तालमेल का भी जिक्र किया और बताया कि कई खिलाड़ी 2018 से अंडर-19 सिस्टम के जरिए एक साथ आगे बढ़े हैं. नवीन ने कहा, “इस पीढ़ी में आपको 9 या 10 ऐसे खिलाड़ी दिखेंगे जो 2018 से अंडर-19 स्तर से ही अफगानिस्तान के लिए एक साथ खेल रहे हैं. वे खिलाड़ी अब नेशनल टीम में हैं और दुनिया भर में फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेल रहे हैं.”
तेज गेंदबाजों के सामने आने वाली शारीरिक चुनौतियों के बावजूद, नवीन का शरीर अब प्रोफेशनल क्रिकेट की जरूरतों के हिसाब से तैयार है और वह ज्यादा से ज्यादा खेलना चाहते हैं. उन्होंने कहा, “हमें जितना हो सके उतना क्रिकेट खेलना चाहिए, लेकिन एक दिन यह सब खत्म हो जाएगा. हर किसी को जाना ही है, और एक क्रिकेटर के तौर पर हम इसे बहुत याद करेंगे. हमें खेलना है, मैदान पर उतरना है और उस दबाव को महसूस करना है.”
–
एसएम/पीएम