झारखंड के गढ़वा में जंगल से बरामद हुआ युवक का कंकाल, बेल्ट और मोबाइल से हुई शिनाख्त

गढ़वा, 28 मई . झारखंड के गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र में जंगल से मानव कंकाल मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया गया. बरामद कपड़े, बेल्ट और मोबाइल के आधार पर कंकाल की पहचान 13 मई से लापता जयमंगल सिंह के रूप में की गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

जानकारी के अनुसार, चिनिया थाना क्षेत्र के मसरा गांव स्थित लामी घुटरा जंगल में गुरुवार सुबह केंदु पत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों ने झाड़ियों के बीच मानव कंकाल देखा. आसपास कपड़े, बेल्ट और टूटे हुए मोबाइल फोन के हिस्से भी पड़े थे. यह खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद चिनिया थाना प्रभारी बीकू कुमार रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की.

पुलिस ने जंगल के अलग-अलग हिस्सों से कंकाल के अवशेष, टूटे मोबाइल और अन्य सामान बरामद किया है. सभी सामग्रियों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. मृतक के परिजनों ने कपड़ों, बेल्ट और क्षतिग्रस्त मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान जयमंगल सिंह के रूप में की. परिजनों के मुताबिक, 13 मई की रात गांव में एक बारात आई थी. उसी दौरान जयमंगल सिंह का गांव के ही एक व्यक्ति सुदामा सिंह के साथ विवाद हुआ था. इसके बाद से वह अचानक लापता हो गया था.

मृतक के पिता सुकन सिंह ने बताया कि उन्हें लगा था कि उनका बेटा किसी काम से बाहर चला गया होगा, इसलिए उन्होंने थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज नहीं कराई थी. हालांकि जंगल से कंकाल मिलने के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए सुदामा सिंह को हिरासत में लिया है. अधिकारियों का कहना है कि हत्या, अपहरण और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

एसएनसी/पीएम