
गाजियाबाद, 11 सितंबर . एनसीआरटीसी की लोकप्रिय पहल ‘नमो भारत अनप्लग्ड : लाइव म्यूजिकल फ्राइडेज के पहले दो सीजन की सफलता और यात्रियों की लगातार मांग को देखते हुए इस बार संगीत की यह महफिल मेरठ तक पहुंचाई गई है. अब प्रत्येक शुक्रवार शाम पांच से छह बजे तक बेगमपुल स्टेशन पर लाइव म्यूजिक की प्रस्तुतियां होंगी. सीजन-3 के उद्घाटन अवसर पर मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) के म्यूजिकल बैंड ‘स्वरांग’ ने शानदार प्रस्तुतियां देकर स्टेशन का माहौल संगीतमय बना दिया.
इसके अलावा युवा कलाकार अंशुमन द्विवेदी ने अपनी गायकी से यात्रियों और संगीत प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया. कलाकारों की प्रस्तुतियों पर यात्रियों ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया. कई यात्री संगीत की धुन पर गुनगुनाते और थिरकते नजर आए, जबकि बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम के वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल कैमरों में कैद किए.
एनसीआरटीसी के मुताबिक, ‘नमो भारत अनप्लग्ड’ का उद्देश्य यात्रियों के रोजमर्रा के सफर को केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का माध्यम न रखकर उसे सुखद और यादगार अनुभव बनाना है. व्यस्त दिनचर्या के बीच यात्रियों को कुछ पल रुककर संगीत का आनंद लेने और साथी यात्रियों के साथ सांस्कृतिक अनुभव साझा करने का अवसर इस पहल के माध्यम से दिया जा रहा है. बेगमपुल नमो भारत स्टेशन मेरठ शहर के केंद्र में स्थित है और कॉरिडोर के प्रमुख स्टेशनों में शामिल है.
आबू लेन मार्केट और शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र के बीच स्थित यह भूमिगत स्टेशन नमो भारत के साथ मेरठ मेट्रो की सेवाएं भी उपलब्ध कराता है. इस वजह से यहां बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही रहती है और स्टेशन शहर के महत्वपूर्ण मोबिलिटी हब के रूप में विकसित हुआ है. ऐसे में हर शुक्रवार शाम होने वाली लाइव म्यूजिक की प्रस्तुतियां यात्रियों के सफर को और खुशनुमा बनाने के साथ स्टेशन के माहौल को भी जीवंत करेंगी.
एनसीआरटीसी का कहना है कि इस पहल के जरिए युवाओं, छात्रों और संगीत प्रेमियों को अपनी प्रतिभा लोगों के सामने प्रस्तुत करने के लिए खुला मंच भी उपलब्ध कराया जा रहा है. ‘नमो भारत अनप्लग्ड : लाइव म्यूजिकल फ्राइडेज’ का पहला सीजन वर्ष 2024 में गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पर आयोजित किया गया था. इसके बाद वर्ष 2025 में दूसरे सीजन का आयोजन आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर किया गया. दोनों सीजन के दौरान प्रत्येक शुक्रवार शाम स्टेशन पर लाइव म्यूजिक की प्रस्तुतियां आयोजित होती थीं और यात्रियों की ओर से इन्हें उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली.
यात्रियों की बढ़ती रुचि और लगातार मिल रही सराहना के बाद अब तीसरे सीजन को मेरठ तक विस्तार दिया गया है. एनसीआरटीसी का लक्ष्य नमो भारत स्टेशनों को केवल परिवहन केंद्र के तौर पर नहीं, बल्कि कला, संस्कृति और रचनात्मकता से जुड़े जीवंत सार्वजनिक स्थलों के रूप में विकसित करना भी है. इसी सोच के तहत अब बेगमपुल स्टेशन पर हर शुक्रवार शाम पांच से छह बजे तक संगीत की महफिल सजेगी. इससे यात्रियों को अपने सफर के बीच संगीत का आनंद लेने के साथ स्थानीय और युवा कलाकारों की प्रतिभा से रूबरू होने का अवसर मिलेगा.
–
पीकेटी/डीकेपी