दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद बदला मौसम; अब दिन में भी महसूस होगी ठंड, तापमान में आएगी गिरावट

नई दिल्ली, 16 नवंबर . दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है. बारिश के चलते तापमान में बदलाव देखने को मिल रहा है और अब सर्दी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है. मौसम में आए इस बदलाव के बाद आने वाले दिनों में लोगों को सुबह और शाम के साथ-साथ दिन के समय भी हल्की ठंड का एहसास होगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है.

इससे दिन के समय गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम पहले के मुकाबले ठंडा बना रहेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 16 नवंबर से 21 नवंबर तक दिल्ली-एनसीआर के मौसम में कोहरे का प्रभाव देखने को मिल सकता है. विभाग ने इन सभी दिनों के लिए मध्यम कोहरा रहने का पूर्वानुमान जारी किया है. हालांकि, इस अवधि के दौरान फिलहाल किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है.

मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 16 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन आर्द्रता का स्तर 90 और 80 प्रतिशत दर्ज किया गया है. वहीं, मौसम का पूर्वानुमान मध्यम कोहरे का है. 17 नवंबर को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट के साथ इसके 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन आर्द्रता का स्तर 90 और 65 प्रतिशत रहेगा. मौसम विभाग ने इस दिन भी मध्यम कोहरे का पूर्वानुमान जताया है.

18 नवंबर को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट के साथ 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 19 नवंबर को भी मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा. इस दिन अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है. वहीं, 20 नवंबर को भी अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है. इन दोनों दिनों में भी मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है.

वहीं, 21 नवंबर को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिल्ली-एनसीआर में हुई हल्की बारिश के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक में भी आंशिक सुधार देखने को मिला है. बारिश के कारण वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषण के कुछ कण नीचे बैठने से लोगों को अस्थायी राहत मिली है. हालांकि, यह राहत लंबे समय तक कायम रहने की संभावना कम है.

मौसम में ठंड बढ़ने और हवा की गति कम होने की स्थिति में प्रदूषक तत्व दोबारा वातावरण में जमा हो सकते हैं, जिससे आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ सकता है. फिलहाल मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 16 से 21 नवंबर तक किसी भी दिन के लिए मौसम संबंधी चेतावनी नहीं दी गई है. हालांकि, मध्यम कोहरे की संभावना को देखते हुए सुबह के समय वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी.

–

पीकेटी/पीएम