एक बार फिर बदलेगा एनसीआर के मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश से मिलेगी राहत

नोएडा, 19 जून . राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से जल्द राहत मिलने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी तीन दिनों तक एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. हालांकि मौसम विभाग ने फिलहाल किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जाएगी.

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 19 जून को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. ह्यूमिडिटी का स्तर अधिकतम 60 प्रतिशत और न्यूनतम 45 प्रतिशत रहने की संभावना है.

इसके बाद 20 जून को मौसम और अधिक सुहावना होने की उम्मीद है. अधिकतम तापमान में सीधी 4 डिग्री की गिरावट दर्ज होगी और यह 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा. इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है. आर्द्रता का स्तर अधिकतम 65 प्रतिशत और न्यूनतम 45 प्रतिशत रहने का अनुमान है.

21 जून को भी मौसम का यही रुख बना रहेगा. अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण लोगों को तपिश से राहत मिलेगी. इस दिन आर्द्रता का स्तर अधिकतम 70 प्रतिशत और न्यूनतम 50 प्रतिशत रह सकता है.

मौसम विभाग के अनुसार 22 जून से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आएगी और आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा. इस दिन अधिकतम तापमान 38 डिग्री तथा न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं आर्द्रता अधिकतम 70 प्रतिशत और न्यूनतम 40 प्रतिशत दर्ज हो सकती है.

इसके बाद 23 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने इस दिन भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जारी किया है. आर्द्रता का स्तर अधिकतम 70 प्रतिशत और न्यूनतम 40 प्रतिशत रहने का अनुमान है.

24 जून को तापमान में फिर से हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है. हालांकि आसमान में बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी और मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहेगा.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक एनसीआर में मौसम लगातार करवट लेता रहेगा. बीच-बीच में बारिश, तेज हवाएं और बादलों की आवाजाही गर्मी के प्रभाव को कम करेंगी. खास बात यह है कि 19 जून के 41 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को करीब 4 से 5 डिग्री तक की राहत महसूस होगी.

पीकेटी/पीएम