आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया को एकजुट होना होगा: इजरायली राजदूत

नई दिल्ली, 30 जून . भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने मंगलवार को कहा कि दुनिया को आतंकवाद के आगे झुकना नहीं चाहिए. उन्होंने यह बात युगांडा में हुए इजरायल के आतंकवाद-विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन एंटेबे’ की 50वीं वर्षगांठ से पहले कही.

को दिए एक इंटरव्यू में राजदूत अजार ने कहा, “हम देख रहे हैं कि अंतरराष्ट्रीय नियमों का लगातार गलत इस्तेमाल करने की कोशिश हो रही है. निर्दोष लोगों को नुकसान पहुंचाकर गलत और भ्रामक तरीके से राजनीतिक मकसद हासिल करने की कोशिश की जाती है. मेरा मानना है कि भारत, इजरायल और पूरी दुनिया का लक्ष्य यही होना चाहिए कि आतंकवाद के सामने कभी हार न मानी जाए.”

उन्होंने कहा, “पिछले कुछ वर्षों में हम अपने इतिहास के सबसे कठिन और सबसे लंबे युद्धों में से एक से गुजरे हैं. इसकी शुरुआत सात अक्टूबर को हुए एक बेहद क्रूर आतंकवादी हमले से हुई थी. हमें यह सुनिश्चित करना था कि ऐसा दोबारा कभी न हो. इसी वजह से हमने एक व्यापक अभियान शुरू किया.”

इजरायली राजदूत ने कहा कि ‘एंटेबे अभियान ने हमें यह भरोसा दिया कि दुनिया को दिखाया जा सकता है कि आतंकवाद को हराया जा सकता है. मेरा मानना है कि एंटेबे से मिली सीख आज भी दुनिया के कई देशों के लिए उतनी ही महत्वपूर्ण है.’

उन्होंने कहा कि भारत और इजरायल के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है. इस साल की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए थे और अब उन्हें जमीन पर लागू किया जा रहा है.

अजार ने बताया कि इजरायल के रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक और सेवानिवृत्त मेजर जनरल अमीर बराम पिछले हफ्ते भारत आए थे. इस दौरान दोनों देशों की रक्षा क्षमताओं को और मजबूत बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों पर आगे काम हुआ.

उन्होंने कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि जैसे-जैसे हम साथ मिलकर काम करते रहेंगे, उससे मिलने वाले समाधान और फायदे भारत और इजरायल दोनों देशों के लोगों के लिए उपयोगी साबित होंगे.”

इससे पहले इजरायल के राजदूत ने नई दिल्ली में यूनाइटेड सर्विस इंस्टीट्यूशन ऑफ इंडिया में आयोजित ‘ऑपरेशन एंटेबे के 50 वर्ष’ कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया.

एवाई/डीकेपी