
बिश्केक, 30 अगस्त . किर्गिस्तान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत को तैयार है. पीएम मोदी को उनके मनपसंद गुजराती पकवानों का भी स्वाद चखाया जाएगा. भारतीय मूल के बिश्केक स्थित गांधी रेस्तरां के हेड शेफ चिन्मय बडोदेकर की योजना क्या है, इसका खुलासा उन्होंने आईएएनस से बातचीत में किया.
पीएम मोदी को अपने पकवान खिलाने को तत्पर बडोदेकर ने कहा, “हम किर्गिस्तान में पीएम मोदी का स्वागत करने को तैयार हैं. हम उनके लिए घर जैसा गुजराती खाना पका रहे हैं. उन्हें गुजराती और घर का बना खाना पसंद है. जैसे नाश्ते में उन्हें पोहा, उपमा, और इडली-सांभर पसंद है. उसके बाद, लंच में वे थेपला खाते हैं, साथ ही उन्हें घर की बनी दाल-चावल और गुजराती तरीके से पकी सब्जियां पसंद हैं, वहीं रात के खाने में वे हल्की खिचड़ी-कढ़ी पसंद करते हैं. इस तरह, हम उनकी पसंद का ताजा खाना परोसेंगे.”
भारत के प्रधानमंत्री को खाना सर्व करने से पहले संपन्न होने वाली औपचारिकताओं का जिक्र करते हुए बडोदेकर ने कहा, “हम 100% तैयार हैं. मेन्यू लिस्ट, खाने-पीने से जुड़ी पाबंदियों और हर छोटी-बड़ी बात का बारीकी से ध्यान रखा गया है और तैयारी की गई है. सभी लैब एनालिसिस और जरूरी टेस्टिंग की जा रही है. इन टेस्टिंग प्रोसेस के आधार पर ही सभी सामग्री तैयार की जाती है. इसके बाद, खाना परोसने से पहले तीन अलग-अलग टीमें उसकी जांच और पुष्टि करती हैं.”
‘गांधी रेस्तरां’ बिश्केक में काफी लोकप्रिय है. इसमें भारतीय व्यंजन के साथ ही ‘फ्यूजन फूड’ भी परोसा जाता है. बडोदेकर के अनुसार, पीएम मोदी को परोसे जाने वाले पकवानों में उसका पुट भी होगा. उन्होंने कहा, “हमने यहां पहले भी कई बार इंडो-किर्गिज फूड फेस्टिवल आयोजित किए हैं. इसलिए, सर के लिए हम शाकाहारी किर्गिज खाना भी तैयार करेंगे. लंच के लिए हम पुलाव बनाएंगे, जिसे किर्गिज भाषा में ‘प्लोव’ या ‘किर्गिज प्लोव’ कहा जाता है. आम तौर पर यह नॉन-वेज होता है, लेकिन सर (पीएम) के लिए हम खास तौर पर कई तरह की सब्जियों वाला शाकाहारी वर्जन बना रहे हैं. डिनर के लिए हम ‘लघमन’ तैयार करेंगे, जो नूडल्स से बनने वाली डिश है और आम तौर पर फ्राइड नूडल्स से बनती है. इसे भी हम सर के लिए पूरी तरह शाकाहारी बनाएंगे.”
उज्बेकिस्तान के बाद प्रधानमंत्री मोदी 2 दिवसीय (31 अगस्त से 1 सितंबर) दौरे पर किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में रहेंगे. यहां वे एससीओ की 26वीं समिट में हिस्सा लेंगे.
–
केआर/