‘चेपॉक में हमेशा खास एहसास होता है’, दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले को लेकर तिलक वर्मा उत्साहित

चेन्नई, 5 सितंबर . साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले के लिए चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) पहुंचकर काफी उत्साहित हैं. उन्होंने कहा कि इस बड़े मुकाबले में खेलना उनके लिए बहुत खास अनुभव होगा.

तिलक ईस्ट जोन के खिलाफ फाइनल में अपनी टीम की अगुवाई करेंगे और उनकी कोशिश साउथ जोन को खिताब दिलाने की होगी. तिलक ने चेपॉक के दर्शकों की तारीफ की और इस मैदान से जुड़ी अच्छी यादों का जिक्र किया. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) डोमेस्टिक द्वारा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर किए गए वीडियो में तिलक ने कहा, “हमारी यहां बहुत अच्छी यादें हैं और यह मैदान बहुत ऐतिहासिक रहा है. जब आप चेन्नई आते हैं, तो सबसे पहले माही भाई (एमएस धोनी) का ख्याल आता है. इसके साथ ही, मेरी यहां बहुत अच्छी यादें भी हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “चेन्नई के दर्शक सच में मुझे बहुत सपोर्ट करते हैं. चाहे मैं मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहा हूं या भारत के लिए, दर्शकों ने मुझे बहुत प्यार दिया है. इसी कारण यह मेरे लिए एक अच्छा संकेत है.”

तिलक ने इसी मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर 8 राउंड के मुकाबले में 16 गेंदों में 44 रनों की दमदार पारी खेली थी.

उन्होंने आगे कहा, “वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ भी मेरी यहां अच्छी यादें हैं. मैं कहूंगा कि वह मेरा वापसी वाला मैच था. उससे पहले, शुरुआती दो मैचों में मैं थोड़ा कमजोर महसूस कर रहा था. हालांकि, यहां से जब मैंने जिम्बाब्वे के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाया, तो मेरी बैटिंग और मेरा आत्मविश्वास एक अलग ही स्तर पर पहुंच गया.”

तिलक ने इंग्लैंड के खिलाफ एक और यादगार मैच का जिक्र करते हुए कहा, “भारत के लिए खेलते समय मेरा जर्सी नंबर 72 है. एक मैच में मैंने यहां 72 रन बनाए थे और टीम को जीत दिलाई थी. वह मैच इंग्लैंड के खिलाफ था. इसलिए चेन्नई मेरे लिए बहुत खास जगह है.”

तिलक ने इस बात पर जोर दिया कि बड़ी संख्या में दर्शकों के सामने दलीप ट्रॉफी फाइनल खेलना वाकई खास होगा, क्योंकि टीमों ने अपना पिछला मैच बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) ग्राउंड पर बिना दर्शकों के खेला था.

तिलक ने कहा, “पिछले मैच में हमने दर्शकों के सामने खेलने की कमी महसूस की थी. मगर फिर, अब चेपॉक में फाइनल खेलने के दौरान मुझे उम्मीद है कि वहां बहुत भीड़ होगी. इसी वजह से यह वाकई खास होगा, क्योंकि जब भी मैं चेन्नई आता हूं, तो हमेशा उस भीड़ का इंतजार करता हूं. मुझे वह भीड़ बहुत पसंद है. वे मुझे बहुत प्यार भी देते हैं. मैं सच में उसका इंतजार कर रहा हूं.”

ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच दलीप ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर (रविवार) से शुरू होगा. ईस्ट जोन 2012-13 के बाद पहली बार दलीप ट्रॉफी का खिताब जीतने के इरादे से उतरेगा.

ईस्ट जोन ने इस ट्रॉफी को आखिरी बार साल 2012-13 में अपने नाम किया था. वहीं, साउथ जोन इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीमों में से एक है. टीम अब तक 12 बार दलीप ट्रॉफी जीत चुकी है. साउथ जोन ने आखिरी बार 2023 में खिताब अपने नाम किया था.

एसएम/एबीएम