
मुंबई, 27 अगस्त . भाई-बहन का रिश्ता सिर्फ जन्म से ही नहीं बल्कि यह भागवानओं और निस्वार्थ प्यार का अटूट बंधन है. माता-पिता के अलावा भाई-बहन एक दूसर के लिए सबसे बड़े सपोर्ट सिस्टम होते है. मनोरंजन जगत में ऐसे कई सेलेब्स हैं, जो पर्दे के साथ-साथ असल जिंदगी में भी भाई-बहन हैं.
फरहान अख्तर और जोया अख्तर: यह भाई-बहन की जोड़ी बॉलीवुड में निर्देशक, निर्माता और कलाकार के रूप में जानी जाती है. दोनों ने साथ में मिलकर कई बेहतरीन फिल्में दी हैं, जिनमें ‘दिल चाहता है’ और ‘ज़िंन्दगी ना मिलेगी दोबारा’ जैसी बेहतरीन फिल्में शामिल हैं. दरअसल, फरहान अख्तर और जोया अख्तर प्रसिद्ध गीतकार जावेद अख्तर और पटकथा लेखक हनी ईरानी की संतान हैं.
हुमा कुरैशी और साकिब सलीम: ये दोनों ही बॉलीवुड के मशहूर और प्रतिभाशाली अभिनेता और अभिनेत्री हैं. उनके पिता सलीम कुरैशी दिल्ली में ‘सलीम’ नामक रेस्टोरेंट की एक मशहूर श्रृंखला चलाते हैं. दोनों भाई-बहन ने मिलकर ‘सलीम सिबलिंग्स’ नाम से अपना खुद का प्रोडक्शन हाउस भी लॉन्च किया है, जिसके तहत वे फिल्मों का निर्माण कर रहे हैं.
श्रद्धा कपूर और सिद्धांत कपूर: अभिनेता शक्ति कपूर के ये दोनों बच्चे बॉलीवुड के मशहूर और लोकप्रिय कलाकारों में शामिल हैं. श्रद्धा एक शीर्ष अभिनेत्री हैं जबकि सिद्धांत ने भी कई फिल्मों में अभिनय और सहायक निर्देशन किया है. सोशल मीडिया पर दोनों की हल्की-फुल्की नोकझोंक और मस्ती-मजाक देखने को मिलता है. दोनों फिल्म ‘हसीना पारकर’ में एक साथ नजर आए थे. 2017 में रिलीज हुई फिल्म ‘हसीना पारकर’ में श्रद्धा कपूर ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम (सिद्धांत कपूर) की बहन हसीना पारकर का मुख्य किरदार निभाया था.
वरुण तेज और निहारिका कोनिडेला: दोनों प्रसिद्ध अभिनेता-निर्माता नागेंद्र बाबू (नागा बाबू) और पद्मजा कोनिडेला के बच्चे हैं. वरुण तेज एक जाने-माने तेलुगु अभिनेता हैं. उनकी बहन निहारिका कोनिडेला अभिनेत्री और निर्माता हैं. वह अपनी आने वाली फिल्म ‘भारी’ का निर्माण कर रही हैं, जिसमें वरुण तेज मुख्य भूमिका निभा रहे हैं.
देवयानी और नकुल : देवयानी और नकुल दक्षिण भारतीय सिनेमा (मुख्य रूप से तमिल फिल्म उद्योग) के जाने-माने एक्टर हैं. दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब हैं और अक्सर एक-दूसरे के कार्यक्रमों में नजर आते हैं.
एकता कपूर और तुषार कपूर: तुषार कपूर एक अभिनेता हैं जबकि एकता कपूर पर्दे के पीछे रहकर बालाजी टेलीफिल्म्स के जरिए भारतीय टेलीविजन और डिजिटल कंटेंट की दुनिया की सबसे प्रभावशाली हस्तियों में से एक हैं. एकता कपूर और तुषार कपूर प्रसिद्ध अभिनेता जितेंद्र के बच्चे हैं.
फराह खान और साजिद खान : फराह खान और साजिद खान बॉलीवुड के प्रसिद्ध भाई-बहन हैं, जिन्होंने कड़े संघर्ष के बाद फिल्म इंडस्ट्री में अपनी बड़ी पहचान बनाई है. फराह खान आज जहां एक मशहूर कोरियोग्राफर, फिल्म निर्देशक और निर्माता हैं जबकि साजिद फिल्म निर्देशक, कॉमेडियन और टीवी होस्ट हैं. दोनों के पिता कामरान खान एक फिल्ममेकर थे. पिता की फिल्में फ्लॉप होने और शराब की लत के कारण उनका परिवार भारी कर्ज और तंगहाली में आ गया था.
–
एनएस/पीएम