मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी, देर रात मचा हड़कंप

मुंबई, 12 जुलाई . देश के प्रतिष्ठित ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शनिवार-रविवार देर रात मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही होटल की सुरक्षा बढ़ा दी गई और पूरे परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया.

हालांकि कई घंटों तक चली गहन जांच के बाद होटल से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ. शुरुआती जांच में यह धमकी फर्जी पाई गई.

जानकारी के अनुसार, शनिवार-रविवार रात करीब 12:13 बजे नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक व्यक्ति ने फोन कर दावा किया कि दाऊद ने ताज होटल में बम रखा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए नवी मुंबई पुलिस ने तुरंत यह जानकारी मुंबई पुलिस के मुख्य कंट्रोल रूम को भेज दी.

अलर्ट मिलते ही कोलाबा पुलिस, क्राइम ब्रांच और बम खोजी एवं निष्क्रियकरण दस्ते (बीडीडीएस) की टीमें तत्काल ताज होटल पहुंच गईं. सुरक्षा एजेंसियों ने होटल की मुख्य लॉबी, स्विमिंग पूल, विभिन्न हॉल, रेस्तरां, पार्किंग, बाहरी परिसर और अन्य संवेदनशील स्थानों की बारीकी से तलाशी ली.

लंबे समय तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस को होटल परिसर में कोई भी संदिग्ध सामान या विस्फोटक नहीं मिला. इसके बाद पुलिस ने शुरुआती जांच में इस धमकी को फर्जी करार दिया.

मुंबई पुलिस के अनुसार, तकनीकी जांच में पता चला है कि धमकी भरा कॉल नवी मुंबई के तुर्भे इलाके से किया गया था. पुलिस ने कॉल करने वाले के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी पहचान कर ली है और उसे गिरफ्तार करने के लिए तलाश शुरू कर दी गई है.

मुंबई पुलिस ने बताया कि आरोपी का पता लगाने के लिए तुर्भे पुलिस की भी मदद ली जा रही है. मामले की जांच जारी है और कॉल करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की धमकी को गंभीरता से लिया जाता है. ऐसे मामलों में तुरंत सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाती है ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके.

वीकेयू/पीएम