
मथुरा, 21 अगस्त . उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन स्थित रुक्मणी विहार में शुक्रवार को निर्माणाधीन ओमेक्स के ‘वृंदावन कोर्टयार्ड मॉल’ में शटरिंग गिरने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा दूसरी मंजिल पर छत और छज्जे की ढलाई के दौरान हुआ. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मलबे में दबे श्रमिकों को बाहर निकाला.
पुलिस के मुताबिक, रुक्मणी विहार स्थित ओमेक्स की व्यावसायिक निर्माणाधीन साइट पर रात में ढलाई का काम चल रहा था. इसी दौरान शटरिंग और ढलाई में इस्तेमाल सामग्री अचानक भरभराकर नीचे गिर गई. हादसे की चपेट में चार श्रमिक आ गए. मथुरा के पुलिस अधीक्षक नगर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया.
चार श्रमिकों को मलबे से बाहर निकाला गया. इनमें एक की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि तीन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. इलाज के दौरान दो अन्य श्रमिकों ने भी दम तोड़ दिया. गंभीर रूप से घायल एक श्रमिक की हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर किया गया है. फिलहाल उसका उपचार जारी है. हादसे के बाद मृतक श्रमिक के परिजनों में कोहराम मच गया.
परिजनों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में हुए हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतक श्रमिकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हादसे में घायल श्रमिक का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मृतक श्रमिकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए. उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
वहीं, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने कहा, “रुक्मिणी विहार में ओमेक्स की एक कमर्शियल साइट है, जहां निर्माण कार्य चल रहा है. वहां एक छज्जा बनाया जा रहा था और शटरिंग का काम हो रहा था. अचानक शटरिंग गिर गई और खबर मिली कि उसके नीचे चार मिस्त्री दब गए हैं. इनमें से तीन की मौत हो गई.”
–
विकेटी/पीएम