
ग्रेटर नोएडा, 22 सितंबर . यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नोएडा से लेकर ग्रेटर नोएडा तक विस्तृत यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है. एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले ट्रेड शो में बड़ी संख्या में देश-विदेश से लोग पहुंचेंगे. वहीं, 25 सितंबर को उद्घाटन समारोह में गृहमंत्री अमित शाह के पहुंचने का कार्यक्रम है.
विशिष्ट एवं अति विशिष्ट अतिथियों के आवागमन को देखते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एक्सपो मार्ट के आसपास के मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार थोड़े समय के लिए ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन प्लान के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें.
चिल्ला रेड लाइट से एक्सप्रेसवे के रास्ते ग्रेटर नोएडा जाने वाले यातायात को सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से गोलचक्कर चौक सेक्टर-15 की ओर डायवर्ट किया जाएगा. वाहन डीएससी मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. इसी तरह डीएनडी से एक्सप्रेसवे होकर ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को रजनीगंधा चौक सेक्टर-16 की ओर डायवर्ट किया जाएगा. यहां से वाहन एमपी-01 मार्ग और डीएससी मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे. कालिंदी बॉर्डर से आने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर भेजा जाएगा और वे एमपी-03 तथा डीएससी मार्ग से आगे जा सकेंगे. सेक्टर-37 से एक्सप्रेसवे होकर ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को सेक्टर-44 गोलचक्कर से डबल सर्विस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा.
डबल सर्विस रोड से डीएससी मार्ग के जरिए गंतव्य तक पहुंचा जा सकेगा. आगरा की ओर से नोएडा आने वाले वाहनों को जेवर टोल से आगे कस्बा जेवर की ओर उतरकर साबौता अंडरपास, खुर्जा बाईपास और जहांगीरपुर होते हुए गंतव्य तक जाने की सलाह दी गई है.
परीचौक से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होकर नोएडा की ओर जाने वाले यातायात को परीचौक से सूरजपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा. वाहन सूरजपुर से ग्रेटर नोएडा वेस्ट होते हुए आगे जा सकेंगे. सूरजपुर से परीचौक जाने वाले वाहनों को एलजी गोलचक्कर से 130 मीटर रोड की ओर भेजा जाएगा. पी-3 गोलचक्कर से परीचौक होते हुए सूरजपुर/ग्रेटर नोएडा वेस्ट जाने वाले वाहनों को पी-3 से स्वर्ण नगरी गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा. इसके बाद 130 मीटर रोड से गंतव्य तक पहुंचा जा सकेगा. आगरा से नोएडा की ओर आने वाला यातायात हिंडन कट से सेक्टर-151 की ओर डबल सर्विस रोड से होकर आगे जा सकेगा.
वहीं, ग्रेटर नोएडा से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते नोएडा जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से सेक्टर-94 की ओर भेजा जाएगा. ये वाहन महामाया फ्लाईओवर और सेक्टर-37 होकर आगे जा सकेंगे. जीआईपी की ओर से फिल्मसिटी फ्लाईओवर होकर डीएनडी जाने वाले वाहनों को फिल्मसिटी फ्लाईओवर के नीचे यू-टर्न से डायवर्ट किया जाएगा. वाहन डीएससी और एलिवेटेड मार्ग से जा सकेंगे. रजनीगंधा की ओर से डीएनडी फ्लाईओवर होकर दिल्ली जाने वाले यातायात को रजनीगंधा चौक से डायवर्ट कर डीएससी मार्ग और न्यू अशोक नगर बॉर्डर की ओर भेजा जाएगा. गोलचक्कर चौक सेक्टर-15 से सेक्टर-14ए फ्लाईओवर होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को भी गोलचक्कर चौक से डायवर्ट किया जाएगा और डीएससी मार्ग से न्यू अशोक नगर बॉर्डर की ओर भेजा जाएगा.
यातायात पुलिस ने एक्सपो मार्ट पहुंचने वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग और पार्किंग व्यवस्था भी निर्धारित की है. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन हिंडन कट से सर्विस रोड, संस्कृति मंत्रालय तिराहा, पुस्ता रोड और एप्को कॉलेज तिराहा होते हुए नासा (बड़ा) गोलचक्कर स्थित पार्किंग में वाहन खड़े कर एक्सपो मार्ट जा सकेंगे. एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन गल्गोटिया कट से एक्सपो मार्ट गोलचक्कर और नासा गोलचक्कर स्थित पार्किंग तक पहुंच सकेंगे. सूरजपुर और परीचौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए एलजी गोलचक्कर, शारदा गोलचक्कर होते हुए नासा गोलचक्कर की पार्किंग का मार्ग निर्धारित किया गया है. नासा गोलचक्कर के अंदर बनी पार्किंग की क्षमता पूरी होने पर केसीसी, जुबिलेंट और यूनाइटेड कॉलेज परिसर में बनी पार्किंग को वैकल्पिक पार्किंग के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पार्किंग स्थल से कोई भी वाहन एक्सपो मार्ट की ओर वापस नहीं जाएगा. पार्किंग से निकलने वाले वाहन शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, सूरजपुर, कच्ची सड़क तिराहा, कुलेसरा, फेस-2, ककराला होते हुए सोरखा-पर्थला/किसान चौक या गंगेल, बरौला और सेक्टर-37 की ओर जा सकेंगे. दिल्ली और गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, साकीपुर गोलचक्कर, 130 मीटर रोड, सिरसा गोलचक्कर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा. यमुना एक्सप्रेसवे जाने वाले वाहन शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, आसियाना गोलचक्कर, डेल्टा-3, बीटा-2, लेबर चौक और डेल्टा-01 गोलचक्कर होते हुए आईटीवीपी गोलचक्कर, पी-3 गोलचक्कर और आईएफएस विला गोलचक्कर से जीरो प्वाइंट होकर यमुना एक्सप्रेसवे पहुंच सकेंगे.
ट्रेड शो के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए 24 सितंबर से 29 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक भारी मालवाहक वाहन, मध्यम मालवाहक वाहन और हल्के मालवाहक वाहन का नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास के मार्गों पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. हालांकि, दूध, सब्जी, फल जैसी आवश्यक वस्तुओं तथा चिकित्सीय वाहनों को नो-एंट्री के प्रावधानों के अनुसार छूट दी जाएगी. भारी वाहनों के लिए चिल्ला बॉर्डर और डीएनडी से यू-टर्न लेकर एनएच-09/24, एनएच-91 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. कालिंदी बॉर्डर से आने वाले वाहन भी एनएच-09/24, ईस्टर्न पेरिफेरल और एनएच-91 का इस्तेमाल कर सकेंगे. य
मुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जेवर टोल से पहले यू-टर्न लेकर अलीगढ़-टप्पल की ओर भेजा जाएगा. जेवर टोल पार करने के बाद आने वाले वाहनों को जेवर-जहनगीरपुर की ओर डायवर्ट कर खुर्जा-बुलंदशहर के रास्ते भेजा जाएगा. होंडा सीएल चौक से आने वाले वाहनों को सिरसा गोलचक्कर और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा. सूरजपुर घंटा चौक से आने वाले वाहनों को तिलपता और सिरसा गोलचक्कर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का रास्ता दिया जाएगा.
यातायात पुलिस ने बताया कि ट्रेड शो में प्रदर्शनी सामग्री लेकर आने वाले ट्रकों को सामग्री उतारने के बाद नासा गोलचक्कर से शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर और 130 मीटर रोड होते हुए सिरसा गोलचक्कर की ओर भेजा जाएगा. रामपुर-फतेहपुर तिराहे के पास स्थित ट्रक पार्किंग में करीब 260 ट्रकों की पार्किंग क्षमता निर्धारित की गई है. इसी मार्ग से ट्रक एक्सपो मार्ट वापस भी आ सकेंगे. आपात स्थिति में चिकित्सीय और फायर सर्विस वाहनों को डायवर्जन के दौरान सुरक्षित रूप से रास्ता दिया जाएगा.
यातायात पुलिस ने लोगों से मेट्रो सेवाओं का अधिकतम उपयोग करने, यात्रा की योजना पहले से बनाने और पर्याप्त समय लेकर निकलने की अपील की है. यातायात संबंधी असुविधा होने पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है.
–
पीकेटी/डीकेपी