10 हजार श्रद्धालुओं के बीच जारी हुआ ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ का ट्रेलर, इंद्रेश उपाध्याय महाराज बोले -‘यह संस्कृति से जुड़ने का जरिया’

मुंबई, 22 जून . ओडिशा के कटक में एनिमेशन फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ का ट्रेलर जारी किया गया. आध्यात्मिक वक्ता इंद्रेश उपाध्याय महाराज ने ट्रेलर लॉन्च किया और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं. दरअसल, यह ट्रेलर लॉन्च इंद्रेश उपाध्याय महाराज की श्रीमद्भागवत कथा के दौरान किया गया, जहां 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालु मौजूद थे.

जैसे ही मंच पर ट्रेलर की स्क्रीनिंग शुरू हुई, पूरा माहौल भक्ति और उत्साह से भर गया. वहां मौजूद लोगों ने इसे बड़े ध्यान से देखा और ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारे लगाए.

इस कार्यक्रम के दौरान फिल्म की टीम ने खास संदेश भी साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मकसद भगवान जगन्नाथ की संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है.

वहीं इस मौके पर इंद्रेश उपाध्याय महाराज ने फिल्म की टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ”आप सभी को बहुत-बहुत बधाई. आज के समय में बच्चों को अपनी संस्कृति, अपने देवी-देवताओं और परंपराओं से जोड़ना बहुत जरूरी है. ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ जैसी फिल्में इस दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास हैं, जो आने वाली पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में मदद कर सकती हैं. यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि ऐसा माध्यम है जो बच्चों और परिवारों को भक्ति, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का काम करेगी. मेरी सभी परिवारों से अपील की कि वे इस फिल्म को देखें और इसे एक सांस्कृतिक अनुभव के रूप में अपनाएं.”

फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ को भारत की पहली पैन-इंडिया एनिमेशन फिल्म बताया जा रहा है, जो भगवान जगन्नाथ के जीवन और उनकी महिमा पर आधारित है. इस फिल्म को आधुनिक एनिमेशन टेक्नोलॉजी से तैयार किया गया है, ताकि यह बच्चों के लिए रोचक और समझने में आसान बन सके.

फिल्म का निर्देशन श्रीपद वरखेडकर ने किया है, जबकि इसकी कहानी और डायलॉग्स पल्लवी शर्मा ने लिखे हैं. इसके संगीत अविरल कुमार ने तैयार किया है.

यह फिल्म 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और इसे हिंदी, ओडिया और तेलुगु भाषाओं में दर्शकों के लिए पेश किया जाएगा.

पीके/पीएम