आरक्षण हटाने की मांग करने वाले देशद्रोही और संविधान विरोधी : रामदास आठवले

मुंबई, 25 अगस्त . केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने आरक्षण हटाने की मांगों पर कड़ा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि आरक्षण हटाने की मांग करने वाले लोग देशद्रोही और संविधान विरोधी हैं. संविधान ने आरक्षण का प्रावधान किया है, इसलिए इसे हटाने की मांग करना गलत है. ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.

मुंबई में से बातचीत में रामदास आठवले ने कहा कि आरक्षण हटाने का क्या मतलब है. संविधान ने आरक्षण दिया है. आरक्षण हटाने की मांग करने वाले देशद्रोही और संविधान विरोधी हैं. ऐसे लोगों पर एक्शन होना चाहिए. हर जाति को आरक्षण मिलता है. इसलिए आरक्षण हटाने का अधिकार किसी को नहीं है. हमारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आरक्षण को मजबूत करने वाली सरकार है. इसीलिए, किसी को यह भ्रम नहीं पालना चाहिए कि इस सरकार में आरक्षण खत्म होगा.

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर आठवले ने तंज कसा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को आदिवासी समाज की चिंता करने की बजाय अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए. फडणवीस की सरकार सभी वर्गों का ध्यान रख रही है. आदिवासी लड़कियों के साथ अन्याय के मामले सामने आए हैं. लेकिन, सरकार की कोशिश है कि ऐसा अन्याय करने वालों को कड़ी सजा मिले. समस्याएं हैं, लेकिन सरकार उन्हें हल करने के लिए कदम उठा रही है.

महाराष्ट्र में ऑटो चालकों को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव के पोस्ट पर आठवले ने कहा कि मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है और यहां किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए. यही सरकार का रुख है. जो लोग लंबे समय से महाराष्ट्र में रह रहे हैं, उन्हें मराठी भाषा आनी चाहिए. कुछ लोगों को अभी मराठी नहीं आती है. सरकार ने हाल ही में एक आदेश जारी किया है और लोगों को मौका भी दिया गया है. हालांकि, कुछ लोग अभी भी मराठी नहीं सीख पाए हैं, ऑटो चालकों में डर है, लेकिन थोड़ा और समय दिया जाना चाहिए और लाइसेंस तुरंत रद्द नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि लोग रोजगार के लिए मुंबई आते हैं और अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं.

मराठी स्कूलों को लेकर Supreme Court की टिप्पणी पर रामदास आठवले ने कहा कि मराठी स्कूल बंद नहीं हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि लोगों में अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में पढ़ाने की भावना बढ़ रही है.

आठवले ने कहा कि मैं मानता हूं कि मराठी स्कूल बंद नहीं होने चाहिए. राज्य सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए. मेरा निवेदन है कि बड़ी-बड़ी कंपनियों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए, जिससे अच्छे स्कूल बनाए जा सकें.

सीएम देवेंद्र फडणवीस के दिल्ली की राजनीति में जाने की अटकलों पर आठवले ने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि संजय राउत झूठे बयान देते हैं और उनके बयानों में तथ्य नहीं होते.

आठवले ने कहा कि फडणवीस दिल्ली नहीं जाना चाहते और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उन्हें दिल्ली नहीं लाना चाहते. उन्होंने कहा कि फडणवीस महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर यहीं रहेंगे और राज्य में अच्छा काम कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि संजय राउत केवल अफवाह फैलाते हैं.

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के चीन दौरे को लेकर रामदास आठवले ने कहा कि भारत की चीन से अपेक्षा है कि सीमा विवाद सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाए. भारत और चीन के बीच अच्छे संबंध होने चाहिए तथा दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा देने की जरूरत है. विवादों को खत्म करने की दिशा में भी कदम उठाए जाने चाहिए. चीन भारत की सीमा पर घुसपैठ या किसी भी तरह की ऐसी कोशिश न करे, जिससे दोनों देशों के संबंधों में तनाव बढ़े.

डीकेएम/पीएम