
पटना, 10 अगस्त . बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित इस यात्रा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर इसका नेतृत्व किया. हजारों की संख्या में बच्चे, युवा और आम नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए. तिरंगा यात्रा की शुरुआत गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर से हुई.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाथ में राष्ट्रीय ध्वज थामकर बच्चों और अन्य प्रतिभागियों के साथ जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक करीब डेढ़ किलोमीटर की पैदल यात्रा की. इस दौरान मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ सदस्य और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल देखने को मिला.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज नहीं है, बल्कि यह देश की अखंडता, एकता और लोकतंत्र की पहचान है. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजादी दिलाई और लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ हमें तिरंगा प्रदान किया. ऐसे सभी स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति वह श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी देश पर संकट आया या युद्ध हुआ, भारतीय सैनिकों ने तिरंगे के सम्मान और देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी. कारगिल युद्ध का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तिरंगा देशवासियों के लिए स्वाभिमान, गौरव और बलिदान का प्रतीक है.
उन्होंने तिरंगे के तीनों रंगों का महत्व बताते हुए कहा कि केसरिया रंग साहस, त्याग और बलिदान का प्रतीक है, जबकि सफेद रंग शांति का संदेश देता है. वहीं हरा रंग देश की समृद्धि और विकास का प्रतीक है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे बिहार में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सरकारी स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि इसमें व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है.
सीएम सम्राट चौधरी ने बताया कि कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से अभियान के तहत पूरे प्रदेश में करीब 21 लाख तिरंगे झंडे वितरित किए गए हैं. नगर विकास विभाग और पंचायती राज विभाग भी इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं. मुख्यमंत्री ने बिहारवासियों से अपील की कि वे अपने घरों, गांवों और समाज में तिरंगा लगाएं तथा पंचायतों और नगर निकायों में भी तिरंगा यात्राओं का आयोजन करें.
उन्होंने कहा कि राष्ट्र के गौरव और तिरंगे के सम्मान की रक्षा की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी के कंधों पर है. सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को दुनिया का सबसे ताकतवर देश बनाना है. उन्होंने बिहार के लोगों से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इसे सफल बनाने का आह्वान किया.
–
एमएनपी/एसके