
वॉशिंगटन, 13 अगस्त . अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट इस महीने के अंत में अपना पद छोड़ देंगी. यह फैसला उन्होंने अपने बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए लिया है. ट्रंप ने कहा कि मैं उनके इस फैसले का पूरी तरह से सम्मान करता हूं.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पोस्ट में लिखा, ”हमारी शानदार व्हाइट हाउस प्रेस सचिव और मेरी सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक, कैरोलिन लेविट इस महीने के अंत में अपने पद से विदा लेंगी, ताकि वे अपने छोटे बच्चों और परिवार के साथ ज्यादा समय बिता सकें. यह एक ऐसा फैसला है जिसे मैं पूरी तरह समझता हूं और उसका सम्मान करता हूं.”
ट्रंप ने कहा कि अब कैरोलिन मेरे सबसे महत्वपूर्ण बाहरी सलाहकारों में से एक होंगी और रिपब्लिकन पार्टी के भीतर एक प्रभावशाली आवाज के रूप में काम करेंगी. हम साथ मिलकर इतिहास को चुनौती देने और मिडटर्म चुनावों में निर्णायक जीत हासिल करने की दिशा में काम करेंगे.
उन्होंने बताया कि कैरोलिन ने व्हाइट हाउस में एक सच्चे नेता की भूमिका निभाई है. उन्होंने 2018 से न्याय, स्वतंत्रता और आजादी के लिए मजबूती से आवाज उठाई है. इसमें हमारा 2024 का ऐतिहासिक पुनर्निर्वाचन अभियान भी शामिल है. कैरोलिन ने अपने काम को बेहद शानदार तरीके से निभाया है और वे व्हाइट हाउस के इतिहास की सबसे बेहतरीन प्रेस सचिवों में से एक रही हैं. ट्रंप ने कहा कि कैरोलिन, बेहतरीन काम के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद!
वहीं संयुक्त राज्य अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं. कैरोलिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट पर अपनी विदाई की पोस्ट शेयर की. रुबियो ने कैरोलिन के उसी पोस्ट पर रीपोस्स्ट करते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं.
रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ”कैरोलिन राष्ट्रपति ट्रंप की टीम का एक बेहद अहम हिस्सा रही हैं और उन्होंने अमेरिकी इतिहास के सबसे पारदर्शी प्रशासन की ऐतिहासिक उपलब्धियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. हम उनकी और उनके परिवार की जिंदगी के अगले पड़ाव के लिए ढेरों शुभकामनाएं देते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं.”
–
एवाई/वीसी