ग्रेटर नोएडा के हैबतपुर में हिंडन नदी में डूबे दो युवक, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

ग्रेटर नोएडा, 5 सितंबर . ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र के अंतर्गत हैबतपुर गांव के पास हिंडन नदी में शनिवार को दो युवकों के डूबने की घटना से हड़कंप मच गया. दोनों युवक नाव में रस्सी बांधने के दौरान अचानक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और पानी में डूब गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया. दोनों युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं.

पुलिस के अनुसार, हादसा यूसुफपुर चक क्षेत्र में हुआ है, जो थाना बिसरख के अंतर्गत आता है. डूबने वाले युवकों की पहचान शिव और सौरभ के रूप में हुई है. दोनों की उम्र करीब 19 और 20 वर्ष बताई जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों युवक हिंडन नदी में मौजूद नाव में रस्सी बांधने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नदी के पानी में गिर गए. देखते ही देखते दोनों युवक तेज बहाव में बह गए. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई. इसके बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों के साथ फायर सर्विस के जवानों को भी मौके पर बुलाया गया. हिंडन नदी में इस समय पानी का बहाव तेज होने के कारण राहत और बचाव टीमों को दोनों युवकों की तलाश करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

रेस्क्यू टीमों द्वारा नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश की जा रही है. पानी की गहराई और तेज बहाव को देखते हुए बचावकर्मी बेहद सावधानी के साथ अभियान चला रहे हैं. मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं. एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवान आधुनिक उपकरणों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से नदी में युवकों की तलाश कर रहे हैं. फायर सर्विस की टीम भी बचाव अभियान में सहयोग कर रही है. पुलिस और बचाव दल द्वारा नदी के बहाव की दिशा में भी तलाश की जा रही है, ताकि यदि युवक पानी के साथ आगे बह गए हों तो उनका पता लगाया जा सके.

घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जुट गए हैं. पुलिस द्वारा भीड़ को नदी के किनारे से दूर रखा जा रहा है, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी तरह की बाधा न आए. फिलहाल दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका है और उनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बचाव अभियान को पूरी गंभीरता के साथ चलाया जा रहा है. टीमों द्वारा नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च किया जा रहा है. हादसे की पूरी परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है.

पीकेटी/डीकेपी