
नई दिल्ली, 10 जुलाई . भाजपा के राज्यसभा सांसद मनन मिश्रा ने राजस्थान में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), ऑपरेशन सिंदूर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान, भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर पीएम मोदी के दावे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान और पंजाब कांग्रेस में कथित अंदरूनी कलह पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने पूरे देश में यूसीसी को लागू करने की वकालत की. साथ ही, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत और आर्थिक प्रगति का दावा किया.
राजस्थान सरकार द्वारा यूसीसी को लेकर आम लोगों से राय मांगे जाने के फैसले का स्वागत करते हुए मनन मिश्रा ने कहा कि समान नागरिक संहिता पूरे देश में लागू होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि असम और उत्तराखंड जैसे राज्यों ने इस दिशा में कदम बढ़ाए हैं, जबकि महाराष्ट्र और राजस्थान में भी इस पर चर्चा हो रही है. देश में अलग-अलग समुदायों के लिए अलग-अलग व्यक्तिगत कानून नहीं होने चाहिए, बल्कि सभी नागरिकों पर एक समान कानून लागू होना चाहिए.
उन्होंने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 14 सभी नागरिकों को समानता का अधिकार देता है, इसलिए कानून भी सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए. विवाह, तलाक और संपत्ति के अधिकार जैसे विषयों का उल्लेख करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि महिलाओं और बेटियों के अधिकार सभी समुदायों में समान होने चाहिए. हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई या किसी भी धर्म के नागरिक हों, सभी के लिए एक समान नागरिक कानून होना चाहिए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑपरेशन सिंदूर संबंधी बयान का समर्थन करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि इस अभियान ने दुनिया को भारत की सैन्य क्षमता का परिचय कराया. उन्होंने कहा कि पहलगाम की घटना बेहद दुखद थी, लेकिन उसके बाद भारत ने आतंकवादी ठिकानों पर कार्रवाई कर आतंकवादियों को करारा जवाब दिया. इस अभियान में 150 से अधिक आतंकवादी मारे गए और इससे पूरी दुनिया ने भारत की शक्ति देखी. ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान को भी भारत की सैन्य क्षमता का एहसास हुआ और उसने इससे सबक सीखा.
प्रधानमंत्री मोदी के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने भारत के जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की बात कही, मनन मिश्रा ने कहा कि देश उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति है और उसकी विकास दर दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज है. मौजूदा आर्थिक प्रगति को देखते हुए भारत बहुत जल्द तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा. प्रधानमंत्री मोदी का यह दावा तथ्यों पर आधारित है और देश निरंतर आर्थिक विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है.
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के ‘सनातन ही समाजवाद है’ वाले बयान पर भाजपा सांसद ने कहा कि यह बयान भविष्य में उनके लिए राजनीतिक मुश्किलें खड़ी कर सकता है. उन्होंने दावा किया कि हिंदू वोट बैंक के खिसकने के बाद अखिलेश यादव इस तरह के बयान दे रहे हैं, लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें अपने इस बयान पर जवाब देना पड़ेगा. यदि मुस्लिम समुदाय ने इस बयान पर आपत्ति जताई तो समाजवादी पार्टी के लिए स्थिति और कठिन हो सकती है. समय आने पर अखिलेश यादव स्वयं अपने इस बयान पर पुनर्विचार करेंगे और अपनी भाषा बदलने को मजबूर होंगे.
पंजाब कांग्रेस में कथित गुटबाजी और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा भूपेश बघेल से मुलाकात की बात पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस की आंतरिक खींचतान अब खुलकर सामने आ चुकी है. जैसे-जैसे पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आएंगे, कांग्रेस के भीतर मतभेद और बढ़ेंगे. उनके अनुसार न तो कोई नेता पीछे हटने को तैयार है और न ही संगठन में एकजुटता दिखाई दे रही है. पंजाब में कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है और आगामी चुनाव तक पार्टी की स्थिति और खराब हो सकती है. देशभर में कांग्रेस का राजनीतिक प्रभाव घट रहा है और पार्टी बैक गियर में चली गई है.
–
पीएसके