अंडर-18: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने अंतिम मुकाबला 3-3 से ड्रॉ खेला

भोपाल, 20 मई . भारत की अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी चार मुकाबलों की सीरीज 3-3 से ड्रॉ पर खत्म की. इसी के साथ भारतीय टीम ने चार मैचों की सीरीज एक जीत, दो ड्रॉ और एक हार के साथ समाप्त की.

बुधवार को उद्धव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल साई सेंटर में भारतीय पुरुष टीम ने मैच की शुरुआत जोरदार तरीके से की. मुकाबले के 10वें मिनट में करण गौतम ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला. इसके बाद 14वें मिनट में बेन सिद्धार्थ ने एक फील्ड गोल किया.

हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने वापसी की और दूसरे क्वार्टर में स्कोर बराबर कर दिया. जेट जॉनस्टोन ने 18वें और 25वें मिनट में दो अहम गोल दागते हुए हाफ-टाइम तक ऑस्ट्रेलिया को बराबरी पर ला दिया.

तीसरे क्वार्टर में कड़ी टक्कर के बाद, भारत ने कप्तान केतन कुशवाहा (40′) के फील्ड गोल की बदौलत फिर से बढ़त हासिल कर ली. भारत ने अपनी बढ़त को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन मैच के आखिर में ऑस्ट्रेलिया ने फिर से बराबरी कर ली. मैच खत्म होने से सिर्फ तीन मिनट पहले एंड्रयू फॉल्ड्स (57′) ने फील्ड गोल किया.

इससे पहले, दिन में भारत की महिला अंडर-18 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज के चौथे और आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया की अंडर-18 महिला टीम को 4-1 से शिकस्त दी.

मुकाबले के 8वें मिनट ऑस्ट्रेलिया को ऑरोरा कोवोसेविच ने बढ़त दिला दी थी, जिसके बाद कप्तान स्वीटी कुजूर (13′) ने भारतीय टीम को बराबरी पर ला दिया. इसके बाद दीया (25′), प्रियंका मिंज (44′) और नौशीन नाज (50′) ने गोल दागकर टीम की दमदार जीत सुनिश्चित की.

सीरीज के पहले मैच में भारतीय महिला टीम को 3-4 से हार का सामना करना पड़ा. अगले मैच में भारत को 1-4 से शिकस्त मिली. तीसरे मैच में भारतीय टीम को एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा.

आरएसजी