केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भरत तिवारी को दी श्रद्धांजलि, परिजन बोले-उनसे बहुत अच्छे से बात की गई

भोजपुर, 3 जुलाई . केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान शुक्रवार को एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के घर पहुंचे. भोजपुर के बिलौटी गांव में उन्होंने परिजनों से मुकालात की. इस दौरान घुटनों के बल बैठकर भरत तिवारी को श्रद्धांजलि दी.

चिराग पासवान के बिलौटी दौरे को लेकर भरत तिवारी के पिता ने कहा कि उनसे बहुत अच्छे से बात की गई है. उन्होंने कहा कि जितने भी हत्यारें हैं, तीन-चार दिन के अंदर सजा मिलेगी. चिराग ने कहा है कि कार्रवाई ऐसी की जाएगी कि दुनिया देखेगी. भरत तिवारी के पिता ने कहा कि चिराग पासवान ने बताया है कि अमित शाह से मुलाकात करके आए हैं और बात करने जा भी रहे हैं. भरत तिवारी के पिता ने कहा कि हमें न्याय की पूरी उम्मीद है.

भरत तिवारी की मां ने बताया कि चिराग पासवान ने कहा है कि जितने भी लोग शामिल हैं, उनको सजा जरूर मिलेगी. यह एनकाउंटर नहीं, हत्या की गई है; यह बहुत गलत है.

भरत तिवारी के एक परिजन ने बताया कि चिराग पासवान की ओर से आश्वासन दिया गया है कि बहुत जल्दी एक्शन लिया जाएगा. इस मामले में जितने भी आरोपी हैं, उनको जेल भेजा जाएगा. उनकी ओर से न्याय दिलाने की बात की गई है. जो भी आरोपी होंगे, उनको बख्शा नहीं जाएगा. परिजन ने कहा कि जिस तरह से मेरे भाई को पीएमसीएच में फेंक दिया गया था, वो वीडियो भी उनको दिखाई गई है. उनको तीन गोली मारे जाने की जानकारी थी. उनको बताया गया कि पांच गोली मारी गई थी.

से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने कहा, “जिस तरह से यह घटना हुई, वह गलत है. परिवार को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है. आज मैं इसी मकसद से वहां गया था ताकि परिवार खुलकर और साफ तौर पर अपनी बात रख सके.”

परिजनों से मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि कुछ प्रशासनिक अधिकारियों ने जिस तरह से भरत तिवारी की हत्या की, वह किसी भी सभ्य समाज या आंतरिक व्यवस्था में बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है. जो लोग कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार हैं, अगर वे खुद ही कानून को अपने हाथ में ले लें, तो बिहार के लोगों का न्याय व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा. यह जरूरी है कि उन अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, जो अपने निजी स्वार्थ के लिए भरत तिवारी की हत्या में शामिल थे.

चिराग पासवान ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी बात हुई है. हम सब न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. अगर उच्च स्तरीय जांच की जरूरत पड़ी या परिवार की ओर से जिस तरह की भी जांच की मांग की जाएगी, न्याय दिलाना हम सभी की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह से भी मेरी मुलाकात हुई है.

एसडी/पीएम