
लखनऊ, 1 अगस्त . उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बाढ़ से बचने के लिए मौजूदा समय में राज्य सरकार के उपायों के बारे में बताया.
उन्होंने शनिवार को समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि सबसे पहले तो आप यह जान लीजिए कि 2017 से पहले अब तक राज्य में कोई बाढ़ आई है, तो हमने उससे बखूबी निपटने की कोशिश की है. हमने इस संबंध में पूरी रूपरेखा पहले ही निर्धारित कर ली थी कि कैसे बाढ़ से निपटना है और उस रूपरेखा को जमीन पर भी उतारने का काम किया है, लेकिन यहां पर गौर करने वाली बात है कि अब तक ऐसी कोई बड़ी बाढ़ नहीं आई है. हालांकि हम लोग एहतियात बरतते हुए पूरी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहते हैं और हमारी यही कोशिश रहती है कि लोगों को कम से कम नुकसान हो.
मंत्री के मुताबिक, इस बार भी हमने बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तैयार कर ली है. हमारी तैयारी दुरुस्त है, लेकिन अभी तक अपेक्षित मात्रा में बारिश नहीं हो रही है. सबसे पहले बारिश नेपाल, उत्तराखंड, राजस्थान जैसे राज्यों में शुरू होती है और इसके बाद उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू होता है, लेकिन अभी उतनी बारिश नहीं हो रही है, जितना कि सोचा गया था. नदियों का जलस्तर सामान्य बना हुआ है लेकिन अगर किसी भी प्रकार से स्थिति चुनौतीपूर्ण होती है, तो हम उससे निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार रहेंगे.
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बाढ़ के संबंध में शुरू की गई सभी योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं. हमें यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कहीं पर कोई कोताही नहीं हो. अगर कहीं पर कोई कोताही बरती जाएगी, तो उसे पर नजर रखी जाएगी. हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि सब कुछ तय मापदंड के अनुसार हो. कहीं पर किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हो. मौजूदा समय में सिंचाई की भी मांग बढ़ रही है. ऐसी स्थिति हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कहीं पर कोई खामी नहीं रहे. किसानों को लगातार सुविधा मिलती रही. उन्हें कोई परेशानी नहीं हो. इसे लेकर अधिकारियों की ओर से पूरी तैयारी की जा रही है. हम पूरे तंत्र पर निगरानी रख रहे हैं. मौजूदा समय में दो तरह के ट्यूबवेल प्रचलन में हैं. एक सरकारी और दूसरा निजी. अगर इन यंत्रों में किसी भी प्रकार की खामी आती है, तो हम से चौबीस घंटे में दूर करते हैं.
इसके अलावा, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर स्वतंत्र देव सिंह ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी. उनके मुताबिक, अखिलेश यादल के बयान जमीनी हकीकत से दूर रहते हैं. उनका हकीकत से कोई नाता नहीं होता है लिहाजा, मेरा यही कहना रहेगा कि उनके बयान पर कोई ध्यान नहीं दिया जाए. आज की तारीख में स्थिति यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य में दोहरी गति से विकास के कार्य हो रहे हैं. हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि समाज में अंतिम पंक्ति तक मौजूद लोगों का विकास हो. उनके विकास के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं है. आज की तारीख में लोगों को मुफ्त अनाज मिल रहा है. लोगों को उनका आवास उपलब्ध कराया जा रहा है. 40 करोड़ लोगों के पास आयुष्मान कार्ड है, जिनमें से 11 करोड़ लोगों को उसका लाभ मिल चुका है. आज हर बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है. हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहे.
राज्य सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आज की तारीख में राज्य में समाजवादी पार्टी जैसी स्थिति नहीं है. सपा के शासनकाल में भ्रष्टाचार अपने चरम पर था, लेकिन आज भ्रष्टाचारियों को चिन्हित करके फौरन उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है. सपा के शासनकाल में स्थिति ऐसी थी कि कोई शाम को पांच बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकल पाता था. ट्यूबवेल के पास अगर पानी लेने जाता था, तो मां इंतजार करती थी कि उसका बच्चा कब वापस आएगा. आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित है. आज रात को 12 बजे भी बेटियां किसी शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर पर सुरक्षित वापस जा सकती है. आज चौतरफा विकास के कार्य होते हुए दिख रहे हैं. आज हर तरफ शांति दिख रही है. यह अपने आप में सबसे बड़ी बात है, जो कि बहुत ही कम सरकार के शासनकाल में देखने को मिलती है. लोग आत्मनिर्भर बन रहे हैं. अब कोई किसी पर आश्रित नहीं है.
साथ ही, उन्होंने विश्वास जताया कि हम आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस बात में किसी को कोई शक नहीं होना चाहिए कि हम लोग जीतने जा रहे हैं. अगर सपा को यह गलतफहमी हो रही है कि उसकी जीत होगी तो उसे अपनी यह गलतफहमी दूर कर लेनी चाहिए. हमारी सरकार सेवा, समर्पण और गरीबों के लिए है. हम लोग जनता जनार्दन के लिए है. हम लोग विकास के काम को गति देकर रहेंगे.
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भाजपा की खूबियां भी बताई. उनके मुताबिक, भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है. पार्टी में चाहे कोई कितना भी वरिष्ठ नेता क्यों न हो. हम लोक एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में काम करते हैं. हम लोग पार्टी की समृद्धि को लेकर पूरी तरह से गंभीर हैं. आप अमित शाह को ही देख लीजिए. उन्होंने भाजपा में रहते हुए एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में अपना राजनीतिक सफर शुरू किया. इसके बाद आज वो केंद्रीय गृह मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. आज लोग शांति से रहते हैं. गुंडागर्दी कम है. आज बम नहीं फटते हैं.
उन्होंने कहा कि अभी हम लोग तिरंगा यात्रा की शुरुआत करने वाले हैं. हम लोग विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम करते हैं, क्योंकि इस तरह के कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं का निर्माण होता है. यही कार्यकर्ता हमारी पार्टी के नींव माने जाते हैं. सपा जैसे पार्टियों का कोई काम नहीं है, यह वंशवादी पार्टी है लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है. हम लोग जातिवादी नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी पार्टी हैं.
–
एसएचके/वीसी