
सहारनपुर, 22 जून . यूपी एसटीएफ ने रविवार देर रात मुठभेड़ में 1.25 लाख के इनामी बदमाश ललन सिंह उर्फ लल्लन को ढेर कर दिया है. सहारनपुर जिले में सरसावा-नकुर रोड पर रविवार देर रात बदमाश की पुलिस टीम से मुठभेड़ हो गई. आत्मरक्षा के लिए पुलिस की ओर से भी गोली चलाई गई.
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हो गया था. बदमाश को सीएचसी सरसावां से जिला अस्पताल सहारनपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बदमाश का एक साथी मौके से भागने में सफल रहा और उसे पकड़ने की कोशिश जारी है.
बिहार के समस्तीपुर जिले के आनंदगोलवा गांव का रहने वाला ललन सिंह उर्फ लल्लन एक कुख्यात इनामी अपराधी था. वह कई मामलों में वांछित था. 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में एक सब इंस्पेक्टर पर गोली चलाने और उनकी सर्विस पिस्टल लूटने और 1 नवंबर 2022 को चंदौली में गोलीबारी व लूट की घटना में शामिल था.
ललन सिंह उर्फ लल्लन भाइयों और गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर कई गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा. इन अपराधों में सात लोगों की हत्या (जिनमें दो सब इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक सिक्योरिटी गार्ड शामिल थे) के साथ ही बैंक डकैती, कैश वैन लूट और सरकारी हथियार लूटना भी शामिल है. उसकी गिरफ्तारी के लिए वाराणसी के पुलिस कमिश्नर ने एक लाख और चंदौली के पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था.
वहीं, बुलंदशहर में मनीष सैनी नामक युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने बताया, “21 जून को जहांगीराबाद पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि अहान गांव के रहने वाले मनीष सैनी नामक युवक को गोली मार दी गई है. कहा जा रहा है कि झगड़े के दौरान शिवम सैनी ने मृतक पर गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए स्वाट टीम के साथ-साथ तीन और टीमें भी बनाई गई हैं. आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
–
एसडी/पीएम