उमर खालिद पर बनी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर बवाल, प्रियांक खड़गे बोले-एबीवीपी की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं

कलबुर्गी, 16 सितंबर . कर्नाटक में उमर खालिद पर बनी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर विवाद गहरा गया है. इस बीच कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद ने उमर खालिद को ‘राष्ट्रवादी’ करार दिया, जिसके बाद से भाजपा और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) लगातार कांग्रेस पर हमलावर है. वहीं, अब इस मामले में राज्य सरकार के मंत्री प्रियांक खड़गे की भी प्रतिक्रिया सामने आई है.

उमर खालिद पर बनी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग का एबीवीपी छात्र संगठन द्वारा विरोध किए जाने पर प्रियांक खड़गे ने कहा, “एबीवीपी को ज्यादा रचनात्मक कामों में लगना चाहिए. केंद्र में आपकी सरकार है. उन शिक्षा सुधारों पर बात करें जिनकी युवा और जेन-सी बात कर रहे हैं. उस केपीएससी घोटाले पर बात करें जिसमें आपके नेता शामिल हैं. आप उस उमर खालिद के पीछे क्यों पड़े हैं? वह जेल में है, है ना? वह आपको कैसे नुकसान पहुंचा रहा है? उसे दोषी ठहराइए, कौन मना कर रहा है? लेकिन एबीवीपी इन सब चीजों में क्यों पड़ रहा है कि कौन सी डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाए और कौन सी नहीं? इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.”

मंत्री खड़गे ने केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि अगर उमर खालिद देश विरोधी है तो उसका ट्रायल क्यों नहीं शुरू किया जा रहा है. उन्होंने कहा, “कौन कह रहा है कि उमर खालिद देश-विरोधी हैं? क्या कोर्ट ने ऐसा कहा है? बीजेपी कह रही है कि वह देश-विरोधी हैं. वे ट्रायल क्यों शुरू नहीं कर रहे हैं? उन्हें जेल में कई साल हो चुके हैं और जाहिर है कि उन पर कुछ चार्जशीट भी हैं. ट्रायल क्यों नहीं चल रहा है? वे ट्रायल करने से इतना क्यों डर रहे हैं?”

वहीं, मुरादाबाद में सपा नेता एसटी हसन ने कहा, “जहां तक ​​हम समझते हैं, उमर खालिद ने हमेशा राष्ट्रीय एकता की बात की है. उन्होंने हमेशा सांप्रदायिक सद्भाव और उत्पीड़न से आज़ादी की बात की है. अब, जालिम कौन है और मजलूम कौन – यह बात आज हर कोई जानता है. हमें समझ नहीं आता कि वह देश-विरोधी कैसे हो गए. यह भी दुखद है कि वह छह साल से जेल में हैं और उनका ट्रायल अभी तक शुरू भी नहीं हुआ है. इसे कौन रोक रहा है? आप अच्छी तरह जानते हैं.”

पीआईएम/पीएम