
मैनपुरी, 31 अक्टूबर . उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि सपा की दोहरी सोच एक बार फिर उजागर हुई है. उन्होंने कहा कि भाजपा की पहले भी 6 सीटें थीं और आज भी 6 हैं, विपक्ष सिर्फ भ्रम फैला रहा है. इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के यूसीसी वाले बयान का समर्थन किया और एनवीएस-03 नेविगेशन सैटेलाइट की सफल लॉन्चिंग पर इसरो को बधाई दी.
उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, “लोकतंत्र में मर्यादा के भीतर हर दल को अपनी बात रखने और धरना-प्रदर्शन करने का अधिकार है. तभी लोकतंत्र मजबूत होता है.”
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की दोहरी सोच एक बार फिर उजागर हुई है. विपक्ष भ्रम फैलाने का प्रयास लगातार कर रहा है. भारतीय जनता पार्टी की पहले भी छह सीटें थीं और आज भी छह सीटें हैं.
यूपी के मंत्री ने कहा कि शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आगमन हुआ था. हमारे गृह मंत्री का बयान भी आपने सुना होगा. भाजपा उत्तर प्रदेश की जनता की पार्टी है.
उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के यूसीसी लागू करने वाले बयान पर कहा कि वे बिल्कुल सही कह रहे हैं. यूसीसी कई राज्यों में लागू है और हम इसे लागू भी कर चुके हैं. यह भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र में भी शामिल है.
एनवीएस-03 नेविगेशन सैटेलाइट की सफल लॉन्चिंग पर जयवीर सिंह ने भारत के वैज्ञानिकों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों ने आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. जिन तकनीकों को विकसित देश अपनी उपलब्धि मानते थे, भारतीय वैज्ञानिकों ने उनसे भी आगे बढ़कर नई उपलब्धियां हासिल की हैं. तकनीक के क्षेत्र में भारत को अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने का कार्य किया है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रोत्साहन से वैज्ञानिकों को लगातार आगे बढ़ने का अवसर मिला है. आज भारत विश्व पटल पर गिने-चुने देशों में शामिल हो गया है, जो लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है.
उन्होंने कहा कि आखिर किस बात की चिंता है? कोई चिंता नहीं है. एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी की दो सीटें बढ़ गई होंगी, लेकिन हमें उसकी चिंता नहीं है. किसी की सीटें बढ़ी हैं या घटी हैं, इसकी चिंता उन्हें करनी चाहिए. भाजपा की स्थिति पहले भी मजबूत थी और आज भी मजबूत है.
उन्होंने कहा कि जब विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी, चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाता है, तब ईवीएम और चुनाव आयोग पर आरोप लगाए जाते हैं. अब जब परिणाम उनके पक्ष में आते हैं, तब वही प्रक्रिया सही लगती है. हारने पर चुनाव आयोग गलत और जीतने पर सब कुछ सही, यह दोहरा रवैया है.
सैम पित्रोदा के श्रीराम को लेकर दिए गए बयान पर यूपी के मंत्री ने कहा कि यह बयान एक बार फिर उनकी सोच को दर्शाता है. वे अपने विवादित बयानों के लिए हमेशा चर्चा में रहे हैं. मुझे लगता है कि इस तरह की बेबुनियाद और तथ्यहीन बयानबाजी को बंद कर देना चाहिए. वरिष्ठ नागरिक और सार्वजनिक जीवन के व्यक्ति होने के नाते उन्हें जिम्मेदारी के साथ बयान देना चाहिए.
उन्होंने कहा कि हाल ही में आई रिपोर्ट में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है. सामाजिक परिवर्तन धीरे-धीरे होता है, लेकिन यह निरंतर प्रक्रिया है.
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि विपक्ष केवल मनगढ़ंत धारणाएं बनाकर भ्रम फैलाने का प्रयास करता है और लोगों के बीच गलत संदेश देने की कोशिश करता है. भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल है और पूरी पार्टी कमल के निशान के साथ एकजुट होकर खड़ी है. केंद्र और प्रदेश के नेतृत्व में कोई मतभेद नहीं है.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का सबको अधिकार है. भारत नेपाल, बांग्लादेश, यूरोप या श्रीलंका की परिस्थितियों से अलग है. यहां लोकतांत्रिक तरीके से सरकारें बनती और बदलती हैं. सत्ता परिवर्तन केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया से ही संभव है. तख्तापलट जैसी बातें भारत में संभव नहीं हैं. यहां लोकतंत्र की जड़ें बहुत मजबूत हैं. बैलेट पेपर हो या ईवीएम, सरकारें जनता के जनादेश से बनती और बदलती हैं.
जयवीर सिंह ने कहा कि समय विपक्ष के अनुकूल नहीं चल रहा है. कल महाधिवेशन करना चाह रहे थे, लेकिन बारिश इतनी हुई कि लोग नहीं पहुंच पाए. लगता है प्रकृति भी उनका साथ नहीं दे रही है. भाजपा को जनता का आशीर्वाद और प्रकृति की कृपा दोनों प्राप्त हैं.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन जिन राज्यों में हाल के चुनाव हार रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है. यही कारण है कि वे देश में अस्थिरता और अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं. न वे जनता की सुन रहे हैं, न व्यापारियों की और न ही जनभावनाओं का सम्मान कर रहे हैं. उनका पूरा ध्यान केवल राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने पर है, जबकि भारत की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है.
–
केके/डीकेपी