उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून में आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा में लिया हिस्सा

देहरादून, 9 अगस्त . उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले देहरादून में आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा में हिस्सा लिया. उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में देहरादून और इसके आस-पास के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की है. ये इस बात का प्रमाण है कि देश की आन-बान-शान के लिए देवभूमि उत्तराखंड के लोग कभी पीछे नहीं हटे हैं.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज शुरू हो रही यह तिरंगा यात्रा कोई सामान्य कार्यक्रम नहीं है. यह तिरंगा यात्रा न सिर्फ एक विशिष्ट यात्रा है, बल्कि यह हमारे राष्ट्र के गौरव के उत्सव की यात्रा है.

सीएम धामी ने कहा कि आज उमड़ा हुआ यह जनसैलाब और सभी के हाथों लहराता हुआ हमारा राष्ट्रीय ध्वज इस बात का प्रतीक है कि राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि के कण-कण में रची और बसी है. यह हर एक के सीने में विद्धमान है.

उन्होंने कहा, “यह तिरंगा 140 करोड़ भारतीयों की आन-बान-शान और स्वाभिमान का प्रतीक है. इसके केसरिया रंग में हमारे वीरों का साहस और त्याग है. इसके सफेद रंग में शांति और सत्य का संदेश है. हर रंग में हमारी समृद्धि और विकास की आशा है तो इसका अशोक चक्र हमें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. जब तिरंगा आकाश में लहराता है तो हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है.”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “यह तिरंगा झंडा हमें यूं ही नहीं मिला है. इस ध्वज की रक्षा के लिए मां भारती के सबूतों ने हंसते-हंसते अपने प्राण दे दिया और फांसी के फंदों को चूम लिया. स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक युग तक के वीरों ने तिरंगे की साख पर कभी कोई आंच नहीं आने दी. इसलिए जब तिरंगा हमारे हाथ में होता है तो यह हमें गौरव की अनुभूति कराता है.”

उन्होंने कहा कि आज जब हम सभी तिरंगा लेकर आगे बढ़ेंगे तो हमारा संकल्प होना चाहिए कि हम देश की एकता, अखंडता और रक्षा के लिए हमेशा कदम आगे बढ़ाएंगे. जब भी देश के सामने कोई चुनौती या संकट आएगा तो हम उसका हर संभव तरीके से सामना करेंगे.

वहीं, कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा में देहरादून और इसके आस-पास के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की है. ये इस बात का प्रमाण है कि देश की आन-बान-शान के लिए देवभूमि उत्तराखंड के लोग कभी पीछे नहीं हटे हैं और आज भी सभी के दिलों में देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए संकल्प है. उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में लगातार ये अभियान चलेगा. जगह-जगह इस प्रकार की तिरंगा यात्राएं निकलेंगी और हम सभी का राष्ट्र भक्ति का संकल्प और मजबूत होगा.

डीसीएच/