
हरिद्वार, 10 अगस्त . उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने सोमवार सुबह हरिद्वार की हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा शुरू की. उन्होंने ‘हर की पौड़ी’ से कांवड़ उठाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2036 में भारत में ओलंपिक आयोजित कराने के विजन को सफल बनाने के लिए मां गंगा का आशीर्वाद मांगा. जल लेकर वे ऋषिकेश के प्रसिद्ध वीरभद्र मंदिर के लिए रवाना हुईं.
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हमारे प्रधानमंत्री का राष्ट्रीय संकल्प है कि 2036 का ओलंपिक भारत की मेजबानी में हो. भारत खेल के क्षेत्र में महाशक्ति बने. इस संकल्प को ऊर्जा देने के लिए उत्तराखंड की देवभूमि से बेहतर स्थान नहीं हो सकता. खेल मंत्री होने के नाते मेरा दायित्व बनता है कि इस संकल्प को बल मिले. यह राष्ट्रीय संकल्प पूर्ण होना चाहिए.”
रेखा आर्य ने बताया कि उनकी यह यात्रा लगभग 22 किलोमीटर की है और इसका समापन ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर में होगा. संतों के द्वार से शुरू हुई यह यात्रा संतों के आशीर्वाद के साथ संपन्न होगी. उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ से एक ही आशीर्वाद मांगा जा रहा है कि 2036 में भारत में ओलंपिक का आयोजन हो. प्रधानमंत्री का संकल्प साकार हो और भारत खेल की महाशक्ति के रूप में उभरे.”
मंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा सिर्फ भक्ति नहीं, बल्कि खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और संकल्प भरने का माध्यम भी है. जिस तरह कांवड़िए रेस वॉक करते हुए भक्ति भाव से आगे बढ़ते हैं, उसी तरह हमारे खिलाड़ी भी मेहनत और समर्पण से देश के लिए मेडल लाएं. उनका भी सपना है कि 2036 का ओलंपिक भारत में हो और वे देश के लिए स्वर्ण पदक जीतें.
रेखा आर्य की इस पहल की संत समाज ने भी सराहना की. अखाड़ा परिषद निरंजनी गुट के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी ने कहा, “अगर पूरे भारत में ऐसे कैबिनेट मंत्री हों, तो सनातन धर्म का परचम हमेशा ऊंचा लहराता रहेगा. मैं कैबिनेट मंत्री को उनके प्रयासों के लिए दिल से आशीर्वाद और सराहना देता हूं.”
–
पीआईएम/वीसी