
नई दिल्ली, 27 सितंबर . कुशल कूटनीतिज्ञ और पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह जसोल की पुण्यतिथि पर रविवार को देश के राजनेताओं ने उन्हें सादर नमन किया. देश के वित्त, विदेश और रक्षा मंत्रालयों का कुशल नेतृत्व करने वाले जसवंत सिंह को याद करते हुए नेताओं ने राष्ट्र निर्माण में उनके विशिष्ट योगदान को अविस्मरणीय बताया.
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “वरिष्ठ राजनेता, पूर्व केंद्रीय वित्त, विदेश एवं रक्षा मंत्री, राजस्थान के गौरव स्व. जसवंत सिंह जी जसोल की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण नमन. मालाणी के सपूत स्व. जसवंत सिंह का योगदान भारतीय राजनीति और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में सदैव स्मरणीय रहेगा.”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भी उन्हें कोटि-कोटि नमन किया. उन्होंने लिखा, “भारतीय राजनीति के प्रखर हस्ताक्षर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्रद्धेय जसवंत सिंह जी जसोल की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन. रक्षा, वित्त और विदेश मामलों में उनकी असाधारण दूरदर्शिता एवं कूटनीतिक कौशल ने राष्ट्र को वैश्विक पटल पर एक नई पहचान दी. मातृभूमि के गौरव, जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित उनका शुचितापूर्ण जीवन हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा.”
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने उन्हें भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से एक बताते हुए याद किया. उन्होंने लिखा, “भारतीय राजनीति के दिग्गज नेताओं में से एक और हमारी पार्टी के संस्थापकों में से एक जसवंत सिंह को उनकी पुण्यतिथि पर याद कर रहा हूं. गरीबों के लिए उनके काम और देश की रक्षा-व्यवस्था को मजबूत करने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा.”
वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी उनके व्यक्तित्व को प्रेरणादायी बताया. भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने लिखा, “भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि.”
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने लिखा, “भारतीय राजनीति के प्रखर हस्ताक्षर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्रद्धेय जसवंत सिंह जी जसोल की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! रक्षा, वित्त और विदेश मामलों में उनकी असाधारण दूरदर्शिता एवं कूटनीतिक कौशल ने राष्ट्र को वैश्विक पटल पर एक नई पहचान दी. मातृभूमि के गौरव, जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित उनका शुचितापूर्ण जीवन हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा.”
जसवंत सिंह राजस्थान के बाड़मेर के जसोल गांव से ताल्लुक रखते थे और उन्हें ‘मालाणी का सपूत’ कहा जाता है. वे अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में देश के सबसे अहम मंत्रालयों का जिम्मा संभाल चुके थे. विदेश नीति में उनके कूटनीतिक कौशल और रक्षा क्षेत्र में उनके सुधारों को आज भी याद किया जाता है. उनकी पुण्यतिथि पर देशभर से उन्हें नमन किया जा रहा है.
–
एससीएच/एएस