
नई दिल्ली, 7 अगस्त . उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार से शुरू होने वाले दो दिवसीय अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दौरे पर रहेंगे और ‘हर घर तिरंगा अभियान’ तथा अन्य कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे.
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बयान में कहा कि अपनी यात्रा के पहले दिन उपराष्ट्रपति विजयपुरम स्थित सेलुलर जेल राष्ट्रीय स्मारक का दौरा करेंगे, जहां वे शहीद स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, स्वतंत्रता ज्योति पर सम्मान व्यक्त करेंगे और वीर सावरकर की कोठरी का दौरा करेंगे.
बयान में कहा गया है कि बाद में वह भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की गाथा और बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को प्रदर्शित करने वाले प्रकाश और ध्वनि शो में भी शामिल होंगे.
9 अगस्त को उपराष्ट्रपति श्री विजयपुरम के फ्लैग पॉइंट पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में भाग लेंगे.
बयान में कहा गया है कि वह डॉ. बीआर अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (डीबीआरएआईटी) सभागार में आयोजित होने वाले राजकीय समारोह ‘वंदे मातरम पर तिरंगा संगीत कार्यक्रम’ में भी शामिल होंगे.
इसमें कहा गया है कि दोपहर में उपराष्ट्रपति ऐतिहासिक नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप का दौरा करेंगे. पिछले महीने राधाकृष्णन ने समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी मन्नथु पद्मनाभन की प्रतिमा का अनावरण किया और दिल्ली के मन्नम इंटरनेशनल सेंटर में मन्नम स्मृति मंडपम का उद्घाटन किया था. यह कार्यक्रम दिल्ली स्थित नायर सर्विस सोसाइटी द्वारा आयोजित किया गया था.
सभा को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने इस अवसर को आधुनिक भारत के महानतम समाज सुधारकों और राष्ट्र निर्माताओं में से एक की चिरस्थायी विरासत का ऐतिहासिक उत्सव बताया था.
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा था कि “उनका मानना था कि प्रत्येक मनुष्य समान गरिमा और समान अवसर का हकदार है. उनके जीवन भर के कार्यों से हमें यह सीख मिलती है कि वास्तविक सामाजिक प्रगति तभी संभव है जब न्याय, करुणा और समावेशिता समाज के मार्गदर्शक सिद्धांत बन जाएं.”
–
एसएचके/पीएम