
ग्रेटर नोएडा, 7 जुलाई . जेवर एयरपोर्ट के समीप एक नशे में धुत युवक द्वारा पुलिसकर्मी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक एक दारोगा के साथ हाथापाई करता और उन्हें दौड़ाकर पीटता हुआ दिखाई दे रहा है.
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 6 जुलाई को थाना जेवर क्षेत्र की है. पुलिस को सूचना मिली थी कि जेवर एयरपोर्ट के पास एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है. सूचना मिलते ही थाना जेवर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. वहां कार चालक युवक अचेत अवस्था में मिला.
पुलिसकर्मियों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए उसे उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाने का निर्णय लिया. इसी दौरान युवक अचानक हड़बड़ाकर वाहन से उतरने का प्रयास करने लगा. पुलिसकर्मियों ने उसे शांत कराने और सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन युवक शराब के नशे में इतना धुत था कि उसने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया. देखते ही देखते उसने मौके पर मौजूद दारोगा के साथ मारपीट कर दी.
वायरल वीडियो में भी युवक का आक्रामक रवैया साफ दिखाई दे रहा है. पुलिस के अनुसार, अस्पताल में कराए गए चिकित्सकीय परीक्षण में युवक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है. इसके बाद थाना जेवर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान जय चौधरी पुत्र अशोक कुमार, निवासी ग्राम श्यारौल, थाना टप्पल, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है.
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई भी जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में बाधा उत्पन्न करने और सरकारी कार्य में लगे पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
–
पीकेटी/डीकेपी