वियतनाम नौका हादसा: 15 भारतीयों के पार्थिव शरीर आज लाए जाएंगे भारत

हनोई, 13 जुलाई . वियतनाम नौका हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर सोमवार को हो ची मिन्ह सिटी से भारत लाए जाएंगे. यह जानकारी वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने दी.

शनिवार को फु क्वोक द्वीप के निकट भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक पर्यटक नौका के पलट जाने से 15 लोगों की मौत हो गई थी. मृतकों में तमिलनाडु के 10 पर्यटक शामिल थे. यह यात्रा कर्मचारियों के लिए एक पुरस्कार (रिवॉर्ड) ट्रिप के रूप में आयोजित की गई थी, जो एक भीषण हादसे में बदल गई.

वियतनाम एयरलाइंस की उड़ान वीएन979 सोमवार को स्थानीय समयानुसार शाम 6:00 बजे हो ची मिन्ह सिटी से रवाना होगी और भारतीय समयानुसार रात 9:35 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगी.

भारतीय दूतावास ने इसे लेकर एक बयान जारी किया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए गए बयान में कहा, “11 जुलाई को हुए नौका हादसे में दुखद रूप से जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर आज (सोमवार) वियतनाम एयरलाइंस की उड़ान वीएन979 से हो ची मिन्ह सिटी से भारत भेजे जाएंगे.”

दूतावास ने बताया कि संबंधित राज्य सरकारों को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है और उनसे अनुरोध किया गया है कि वे प्रभावित परिवारों के साथ समन्वय कर पार्थिव शरीरों को उनके अंतिम गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था करें.

बयान में कहा गया, “हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास दिवंगतों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. किसी भी प्रकार की सहायता के लिए हम उपलब्ध हैं.”

इस बीच, दक्षिणी वियतनाम के एन जियांग प्रांत की पुलिस ने रविवार को नौका हादसे से जुड़े कथित कानूनी उल्लंघनों के आरोप में एक स्थानीय व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है.

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 57 वर्षीय नौका चालक गुयेन होंग हाई के रूप में हुई है. वह एन जियांग प्रांत के सोन कियेन कम्यून के थुआन तिएन गांव का निवासी है और फिलहाल फु क्वोक विशेष क्षेत्र में रह रहा था.

प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, नौका में करीब 32 भारतीय पर्यटक सवार थे. इनमें 17 तमिलनाडु से थे, जबकि अन्य पर्यटक आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल के रहने वाले थे.

बताया गया कि नौका दक्षिणी वियतनाम के लोकप्रिय पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के दक्षिणी समुद्री क्षेत्र में यात्रा के दौरान पलट गई.

हादसे के तुरंत बाद बचाव दल, स्थानीय लोग और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. कई यात्रियों को समुद्र से सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि बेहोश मिले लोगों को बचाने के लिए उन्हें मौके पर ही कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) दिया गया.

तेज बचाव अभियान के बावजूद अधिकारियों ने पुष्टि की कि हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित बचाकर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई.

फिलहाल हादसे के वास्तविक कारण का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया गया है.

केआर/