टीवी के पुराने ट्रेंड्स पर बोले विजयेंद्र कुमेरिया, ‘अचानक शादी और जूम-जूम वाले ड्रामे दोबारा नहीं लौटने चाहिए’

मुंबई, 10 जुलाई . साल 2011 में शो ‘छोटी बहू 2’ से अपने टीवी करियर की शुरुआत करने वाले अभिनेता विजयेंद्र कुमेरिया ने छोटे पर्दे पर बदलते दौर को करीब से देखा है. से बातचीत में उन्होंने उन पुराने फॉर्मूलों और ट्रेंड्स पर बात की है, जो कभी टीवी शोज का अहम हिस्सा हुआ करते थे. अभिनेता का कहना है कि ‘अचानक शादी’, जरूरत से ज्यादा पारिवारिक ड्रामा और बार-बार दिखाए जाने वाले नाटकीय अंदाज से टीवी काफी आगे बढ़ चुका है और ऐसे ट्रेंड्स की वापसी नहीं होनी चाहिए.

से बात करते हुए विजयेंद्र कुमेरिया ने बताया कि इतने लंबे समय तक इंडस्ट्री में काम करने के दौरान उन्होंने टीवी के कई दौर देखे हैं. पहले कई ऐसे ट्रैक बार-बार दिखाए जाते थे, जो धीरे-धीरे टीवी के पहचान बन गए थे.

विजयेंद्र ने कहा, ”पुराने ट्रेंड्स की बात करें तो बहुत सारे हैं. अचानक शादी हो गई, फिर ऐसे ट्रैक कि नमक किसने डाल दिया, चना किसने ज्यादा उबाल दिया. इस तरह की चीजें पहले काफी दिखाई जाती थीं. कई बार कहानी को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे छोटे-छोटे विवाद और ड्रामा जोड़े जाते थे. लेकिन मुझे लगता है कि अब ये चीजें काफी हद तक कम हो गई हैं. टीवी में बदलाव आया है और दर्शक भी अब अलग तरह की कहानियां देखना चाहते हैं.”

अभिनेता ने कहा कि आज का दर्शक पहले से ज्यादा समझदार हो चुका है. वह ड्रामे या चौंकाने वाले ट्विस्ट के लिए नहीं, बल्कि कहानी और किरदारों से जुड़ने के लिए शो देखता है. यही वजह है कि अब टीवी पर भी कंटेंट और किरदारों को लेकर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है.

उन्होंने पुराने दौर के ओवर-द-टॉप ड्रामे को याद करते हुए कहा, ”हाई ड्रामा वाले सीन, जिसमें कोई लगातार चिल्ला रहा है, कैमरा गोल-गोल घूम रहा है, ट्रॉली शॉट चल रहा है और बार-बार जूम-जूम किया जा रहा है, ऐसी चीजें शायद कुछ जगहों पर अभी भी देखने को मिल सकती हैं. लेकिन पहले के मुकाबले काफी बदलाव आ चुका है. अब कहानियों को ज्यादा संतुलित तरीके से पेश किया जा रहा है. मैं चाहूंगा कि ये पुराने ट्रेंड्स दोबारा वापस न आएं.”

विजयेंद्र ने कहा, ”टीवी की सबसे बड़ी ताकत उसकी पहुंच है. छोटे पर्दे के जरिए कलाकार सीधे घर-घर तक पहुंचते हैं, इसलिए जरूरी है कि कहानियां ऐसी हों, जिनसे लोग खुद को जोड़ सकें. अब दर्शक ऐसे किरदारों को पसंद करते हैं, जिनमें वास्तविक भावनाएं हों और जिनकी यात्रा उन्हें कुछ सोचने पर मजबूर करे.”

वर्तमान में विजयेंद्र कुमेरिया अभिनेत्री ईशा सिंह के साथ शो ‘जुही मूई’ में नजर आ रहे हैं. यह शो एक युवा ऑटिस्टिक लड़की जुही सूरी की कहानी पर आधारित है, जिसकी अलग सोच और प्रतिभा ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है. कहानी ऐसे समाज के बीच उसकी जिंदगी को दिखाती है, जहां कई बार लोग उसे समझ नहीं पाते, लेकिन वह अपनी क्षमताओं के दम पर आगे बढ़ने की कोशिश करती है.

पीके/पीएम