
रांची, 18 जून . झारखंड में गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं. इस चुनाव को लेकर नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है. से बातचीत करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता मनोज पांडे ने कहा कि चुनाव में आंकड़े बोलते हैं और आंकड़े हमारे साथ हैं.
उन्होंने अपने दोनों उम्मीदवारों के चुनाव जीतने का दावा किया. मनोज पांडे ने कहा कि हमारे लोग साथ हैं और एकजुट हैं. एनडीए के विश्वास को लेकर उन्होंने कहा कि उनको इतना विश्वास कैसे है, यह पूछा जाना चाहिए.
झामुमो के राज्यसभा उम्मीदवार बैद्यनाथ राम ने दोनों सीटों पर जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि हम लोग दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेंगे. संख्या के आधार पर इंडिया गठबंधन के दोनों प्रत्याशी चुनाव जीतेंगे.
झारखंड सरकार में मंत्री दीपिका पांडे ने कहा कि ‘महागठबंधन’ के पास जीत के लिए जरूरी संख्या होगी. कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने भी ‘महागठबंधन’ के प्रत्याशियों की जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि ‘महागठबंधन’ के दोनों उम्मीदवार जीतने जा रहे हैं.
राजद विधायक सुरेश पासवान ने भी महागठबंधन की जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक की जीत होगी.
झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विधायकों को वोट देना है. वे समझदार लोग हैं. वे झारखंड और देश के हित में वोट करेंगे.
जदयू विधायक सरयू राय ने कहा कि मैंने भी कई जगहों का दौरा किया और कई लोगों से मिला. मेरा अपना वोट सुरक्षित है. जो चुनाव का प्रबंधन कर रहे हैं, वे आश्वस्त हैं. भाजपा विधायक उज्ज्वल दास ने एनडीए की जीत का दावा किया है. उन्होंने कहा कि परिमाल नाथवानी राज्यसभा सदस्य बन रहे हैं और एनडीए परिवार उन्हें भेज रहा है.
भाजपा विधायक नीरा यादव ने नंबर पूरा होने का दावा किया. उन्होंने कहा कि जादुई नंबर पूरा होगा. भाजपा विधायक चंपई सोरेन ने कहा कि हम पूरी तरह से आश्वस्त हैं.
–
एसडी/वीसी