
नई दिल्ली, 2 सितंबर . भाजपा शासित राज्यों के जल संसाधन मंत्रियों का दो दिवसीय ‘जल मंथन’ कार्यक्रम बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में शुरू हो गया. कार्यक्रम के तहत सभी भाजपा शासित राज्यों के जल संसाधन मंत्री भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पर आयोजित विशेष बैठक और रात्रि भोज में शामिल हुए.
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पर ‘विकसित भारत’ जल शक्ति मंत्रियों की कार्यशाला का शुभारंभ हुआ. बैठक में केंद्र और राज्यों के बीच जल प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई.
बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री डीआर पाटिल भी मौजूद रहे. इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे ने भी बैठक में भाग लिया.
भाजपा सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में जल शक्ति मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी. इसमें भाजपा शासित सभी राज्यों के जल संसाधन मंत्री हिस्सा लेंगे.
बैठक के दौरान सिंचाई व्यवस्था, जल प्रबंधन, भूजल संरक्षण, जल सुरक्षा और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग जैसे विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे. इन सत्रों में विभिन्न राज्यों के अनुभवों और सफल मॉडलों को साझा किया जाएगा, ताकि जल संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके.
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जल संसाधनों का प्रभावी प्रबंधन और संरक्षण बेहद महत्वपूर्ण है. इसी उद्देश्य से राज्यों के मंत्रियों और विशेषज्ञों के बीच विचार-विमर्श का यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है.
बैठक के उपरांत सभी राज्यों के जल संसाधन मंत्री नितिन नवीन द्वारा आयोजित रात्रि भोज में शामिल हुए और इसके बाद अपने आवास के लिए रवाना हुए. यह दो दिवसीय कार्यक्रम जल क्षेत्र में केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
–
एएमटी/डीकेपी